Weather Update: फरवरी का आधा महीना गुजरने वाला है, लेकिन अभी तक ठंड कम नहीं हुई है। इन दिनों कई राज्यों में ठंड बढ़ती जा रही है। तेज हवाएं चल रही हैं। धूप भी खिली हुई है। इसके बावजूद कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, भारत के मैदानी इलाकों मौसम का मिजाज बदलने वाला है। IMD ने 10 फरवरी से 14 फरवरी यानी 5 दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से, ग्वालियर और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान 25-35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश और पंजाब के अलग-अलग स्थानों पर अगले 24 घंटे में शीतलहर की स्थिति देखने को मिल सकती है।
इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 9 फरवरी को बारिश हो सकती है। वहीं ओडिशा में 11 और 12 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश की संभावा है। इसके अलावा, मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में 10 से 14 फरवरी, मध्य महाराष्ट्र में 10 और 11 फरवरी, मराठवाड़ा में 9 से 11 फरवरी, यूपी, बिहार, झारखंड में 12 से 14 फरवरी, गंगीय पश्चिम बंगाल में 13 और 14 फरवरी को बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ में 11 फरवरी को आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। 10 फरवरी के बाद उत्तर पूर्वी राज्यों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। वहीं ये भी कहा है कि 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से जारी बुलेटिन के अनुसार अगले चार दिन 9 फरवरी से 12 फरवरी तरफ आसमान आमतौर पर साफ रहेगा। वहीं 15 फरवरी तक देश की राजधानी में अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद ठंड कम होने के आसार हैं।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे में पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा, नॉर्थ मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं, ईस्टर्न और सेंट्रल इंडिया के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।