Weather Update: उत्तर भारत समेत देशभर में मौसम करवट ले रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान में बिजली गिरने के साथ ही गरज चमक के साथ बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के कई राज्यों में तापमान में इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से देशभर में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 25 से 27 फरवरी के बीच जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत देश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में मौसम की बात करें तो छत्तीसगढ़ में ओले गिरे हैं। अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ओडिशा में भारी बारिश हुई।
26 और 27 फरवरी को बारिश और ओले का अलर्ट
राजधानी दिल्ली को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी रविवार (25 फरवरी) को दिन के समय आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके अलावा कल यानी सोमवार (26 फरवरी 2024) को भी बारिश की संभावना जताई गई है। जिसके बाद तापमान कम हो जाएगा। 26 और 27 फरवरी को देश के कई हिस्सों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक के मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मध्य भारत के कई इलाकों में 26 और 26 फरवरी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी-तूफान चलने की भी आशंका जताई गई है। वहीं कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना जताई है। हिमलाय क्षेत्र में आने वाले इलाकों में इसका बड़े पैमाने पर असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि हिमालयी क्षेत्रों में 26 और 27 फरवरी 2024 को बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है।