Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों फिर से कड़ाके की ठंड के दौर से गुजर रहे हैं। अभी यहां लोगों को राहत मिलने के आसार बेहद कम नजर आ रहे हैं। देश के कई हिस्सों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से कई इलाकों में बारिश हो रही है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी जारी है। जिसका असर उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। हालांकि, देश के कई राज्यों के न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग का कहना है बर्फबारी की वजह से आने वाले दिनों में देश के उत्तरी राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।
यूपी-बिहार और दिल्ली NCR में अब भी सर्दी का सितम जारी है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ भीषण बर्फबारी की वजह से ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में अभी और बर्फबारी हो सकती है। जिसकी वजह से सैलानियों के लिए वहां का मौसम सुहाना हो गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम और आसपास के मध्य और पूर्वी भारत में आज बारिश हो सकती है। जिसके बाद अगले 4-5 दिनों तक मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। दिल्ली- NCR के मौसम की बात करें तो आज यानी मंगलवार (6 फरवरी) को यहां आसमान साफ रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में आज सुबह कोहरा छाया रह सकता है। 6 से 11 फरवरी तक दिन का न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री रहने का अनुमान है। जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जती गई है। यह औसत से कम है। दिल्ली वासियों को आने वाले दिनों में फिर से कोहरा का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम पारा में करीब 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 7 फरवरी से फिर मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलेगी। 15 फरवरी के बाद सर्दी का असर काफी कम हो जाएगा।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल
स्काईमेट एजेंसी के मुताबिक, आज पश्चिमी हिमालय, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।