Weather Update: देश के उत्तर पश्चिम राज्यों में मौसम फिर से करवट लेने वाला है। 17 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत के राज्यों में नजर आएगा। इसके असर से, उत्तर पश्चिम के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर 17 से 22 फरवरी तक देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 17 से 20 फरवरी, 2024 तक भारी बारिश, बर्फबारी और तूफान की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी 19 से 22 फरवरी के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं उत्तर पूर्व के राज्यों में 21 से 24 फरवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र- जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 17 से 22 फरवरी तक भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 08 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं सुबह के वक्त नई दिल्ली के कुछ इलाकों में कोहरा रहेगा। दिन में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो 19 फरवरी 2024 से 21 फरवरी 2024 तक दिल्ली में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 19 फरवरी को बहुत ज्यादा तेज बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। जम्मू डिविजन में 18 फरवरी, हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 फरवरी, उत्तराखंड में 18 से 20 फरवरी के बीच ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। लखनऊ में आज (17 फरवरी 2024) सुबह के समय आसमान साफ रहेगा। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 19 से 21 फरवरी के बीच बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 फरवरी, पूर्वी यूपी और उत्तरी मध्य प्रदेश में 20 से 22 पूर्वी उत्तरी राजस्थान में 29 से 20 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी में 19 से 20 फरवरी को ओले भी गिरेंगे।