Weather Today: बिहार-ओडिशा में भीषण गर्मी, लू का अलर्ट जारी, इन राज्यों में बारिश के आसार

Weather Updates: मई का महीना अब शुरू हो गया है। देश के कई इलाके भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी तो कहीं गरम-गरम लू के थपेड़े चल रहे हैं। देश के पूर्वी हिस्से और दक्षिण के राज्यों में भीषण हीटवेव चलने की आशंका जताई गई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में बारिश का अनुमान भी जताया गया है

अपडेटेड May 01, 2024 पर 12:31 PM
Weather Updates: दिल्ली एनसीआर समेत कई इलाकों के लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं।

देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का मिजाज कुछ अलग ही नजर आ रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने 1 मई को पूर्वी भारत में और अगले 5 दिनों तक दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि बुधवार के बाद स्थिति में सुधार हो सकता है। IMD ने मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में बारिश के आसार हैं। पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी हो रही है। इससे दिल्ली-NCR में राहत मिली हुई है।

भीषण गर्मी की वजह से पूर्वी भारत के हालात बेहद खराब हैं। यहां के राज्य भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं। कई क्षेत्रों में तापमान असामान्य रूप से औसत से ऊपर बढ़ रहा है। 30 अप्रैल, 2024 को गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा सभी भीषण लू की स्थिति से जूझ रहे थे।

इन राज्यों में भीषण गर्मी


मौसम विभाग का कहना है कि ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, सौराष्ट्र और कच्छ, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में गर्म और ऊमस भरा मौसम रहने वाला है। हालांकि, गुरुवार से तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है। बंगाल के कुछ हिस्सों, बिहार, ओडिशा, झारखंड, सौराष्ट्र, कच्छ के कुछ क्षेत्रों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। हिमालयी पश्चिम बंगाल, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा में भीषण गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हैं। बारीपदा शहर में तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं बालासोर में 46 डिग्री सेल्सियस पारा पार कर गया है।

दिल्ली में मौसम का हाल

दिल्ली-एनसीआर में मई के पहले हफ्ते में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। अधिकतम तापमान के 38 डिग्री तक रहने की संभावना है। हालांकि, आसमान में बादल देखने को मिलेंगे। जबकि कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दिन भर तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 24 घंटे में लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ भी गिर सकती है। राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं।

IMD Alert: बिहार, बंगाल और ओडिशा सहित इन राज्यों में प्रचंड गर्मी की चेतावनी, रेड अलर्ट जारी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।