देश के कई इलाकों में इन दिनों झमाझम बारिश हो रही है। पहाड़ी राज्यों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। केरल कुदरत की मार झेल रहा है। इस बीच मौसम विभाग (India Meteorological Department - IMD) ने अपने जारी किए गए बुलेटिन में कहा है कि आज यानी 3 अगस्त को देश के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। IMD ने 3 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र में, 3 और 4 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में, 3 अगस्त को गुजरात क्षेत्र, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई है।
इसके अलावा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात राज्य, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार और रविवार को बारिश होगी। यहां सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में काले घने बादल अपना डेरा डाले हुए हैं। कभी भी झमाझम बारिश हो सकती है। कई दिनों से यहां हो रही बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 2-3 दिन में भारी बारिश की आशंका जताई है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की उम्मीद है। दिल्ली की एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) संतोषजनक स्थिति में हैं। लेकिन उन लोगों के लिए जोखिम है, जो वायु प्रति प्रदूषण के प्रति ज्यादा संवेदनशील हैं। AQI जितना ज्यादा होगा, प्रदूषण का स्तर उतना ही ज्यादा होता है।
मुंबई में येलो अलर्ट जारी
महाराष्ट्र के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने पुणे, सतारा में रेड अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग में बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पालघर, ठाणे, मुंबई, नासिक, कोल्हापुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं केरल में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
UP-बिहार में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ समते आगरा, वाराणसी, मैनपुरी, रायबरेली, मुजफ्फरनगर, मेरठ गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा में बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी दी है। आईएमडी के मुताबिक, प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। भारी बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार के कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने, तेज आंधी और बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के कई जिलों में येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश ही नहीं उत्तराखंड के भी लोगों का बारिश ने बुरा हाल कर दिया है। यहां पर मौसम कब पलटी मार जाए कोई नहीं बता सकता है। आज के लिए भी IMD ने उत्तरकाशी के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल में येलो अलर्ट जारी किया है। बीते कुछ दिनों से उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है।