देश के कई राज्यों में इन दिनों मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं पर ब्रेक लग गया है। अब मौसम फिर से करवट लेने वाला है। कई इलाकों में तापमान में उछाल आने की आशंका जताई गई है। वहीं, 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसकी वजह से 9 से 13 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 10 से 13 मार्च के दौरान उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मैदानी भागों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में चलने वाली तेज रफ्तार की हवाएं थमने लगेंगी। एक बार फिर से मौसम का पारा आसमान छूने लगेगा। पंजाब से लेकर बिहार तक की धरती तपने लगेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय धुंध रह सकती है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 12 डिग्री तक रह सकता है। वहीं 9 से 13 मार्च तक अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री न्यूनतम 13 से 19 डिग्री तक रह सकता है। इस दौरान आंशिक तौर पर बादल भी छाए रह सकते हैं। स्काईमेट के अनुसार दिल्ली एनसीआर में तापमान तेजी से बढ़ेगा। इससे गर्मी लोगों को परेशान करेगी। दोपहर के समय बाहर रहना मुश्किल होगा। न्यूनतम तापमान भी 19 डिग्री के आसपास अगले हफ्ते के अंत तक पहुंच जाएगा। 9 मार्च को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर भारत की पहाड़ियों के पास पहुंचेगा। इससे पहले 8 मार्च को पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते दिल्ली में हवा की दिशा बदलेगी। 11 से 14 मार्च तक तापमान 33 से 35 डिग्री तक रह सकता है।
पंजाब-बिहार में आंधी और बारिश की आशंका
मौसम विभाग का कहना है कि आज यानी शनिवार को बिहार में आंधी और बारिश आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बिहार के कई इलाके प्रभावित होंगे। इसके अलावा 12 और 13 मार्च को पंजाब में बारिश हो सकती है। वहीं अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा अगले 4-5 दिनों के दौरान पूर्व और पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई अहम बदलाव के आसार नहीं है।
जानें अन्य राज्यों में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में गरज और बिजली के साथ बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। 10 और 11 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है। 11 मार्च को लक्षद्वीप और कर्नाटक में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। शनिवार को गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में गर्म मौसम रहने की संभावना है। 9 से 11 मार्च के दौरान गुजरात क्षेत्र में गर्मी का अहसास दिखेगा। इसके साथ ही 9 से 11 मार्च के दौरान गोवा, महाराष्ट्र में हीट वेव रहने की संभावना है।