दिल्ली एनसीआर (Delhi NCR) इलाके में रहने वाले लोगों के लिए मौसम से जुड़ी एक काफी अच्छी खबर है। दरअसल भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली वालों के लिए रविवार को मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है। साथ ही यहां पर रविवार को बारिश और आंधी आने की उम्मीद भी जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ऐसा अनुमान लगाया है कि रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। आईएमडी ने कहा है कि 19 जून से 22 जून के दौरान पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों और इसके आस पास के इलाकों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात सही हैं। वहीं रविवार को राजस्थान सहित मेघालय में अलग अलग हिस्सों में तेज बारिश की उम्मीद भी जताई गई है। वहीं बिपरजोय तूफान की वजह से आईएमडी ने राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट भी जारी कर दिया है।
इन जगहों पर होगी भारी बारिश
साथ ही IMD ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम, राजस्थान, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और सिक्किम में कई जगहों पर तेज बारिश की उम्मीद जताई है। साथ ही केरल के माहे, पुडुचेरी, तमिलनाडु, कराईकल और गुजरात में भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड में भी कई सारी जगहों पर तेज आंधी के साथ साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
इन मैदानी इलाकों में होगी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ऐसा अनुमान लगााया है कि रविवार को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम मध्य प्रदेश, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा सहित कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों में तेज आंधी और बिजली के साथ बारिश हो सकती है।
इसके अलावा रविवार को देश के कई हिस्सों में भीषण लू भी चलने की आशंका जताई गई है। IMD ने छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और तेलंगाना के अलग अलग हिस्सों में भी लू चलने की उम्मीद जताई गई है। इन राज्यों में IMD ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है।