टेक कंपनी कैश ऐप (Cash App) के संस्थापक बॉब ली (Bob Lee) की मंगलवार को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को (San Francisco) में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। क्रिप्टोकरेंसी स्टार्टअप मोबाइलकॉइन (MobileCoin) के वर्तमान चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर (CPO) 43 वर्षीय बॉब ली पर मंगलवार तड़के करीब 2.35 बजे हमला किया गया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। MobileCoin ने ABC7 न्यूज को पुष्टि की है कि ली को सैन फ्रांसिस्को में घातक छुरा घोंपकर मौत के घाट उतार दिया गया।
सैन फ्रांसिस्को पुलिस विभाग ने कहा कि सोमा में मेन स्ट्रीट के 300 ब्लॉक के पास छुरा घोंपने की घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस बल तुरंत पहुंचा। वहां घायल अवस्था में पड़े ली को फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक अधिकारी ने कहा कि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। घटना की गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल, छुरा घोंपने के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
बॉब ली फरवरी 2021 में पार्ट टाइम एडवाइजर के तौर पर MobileCoin से जुड़े। उसी साल नवंबर में वह क्रिप्टोकरेंसी फर्म में चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर (CPO) बन गए। इसके अलावा ली SV Angel और SignalFire में लिमिटेड पार्टनर भी थे। हालांकि, उन्हें Cash App के निर्माता के रूप में सबसे ज्यादा याद किया जाता है। ली 2013 में डिजिटल पेमेंट कंपनी स्क्वायर (Square) में चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर थे, जब उन्होंने कैश ऐप लॉन्च किया था। मोबाइल पेमेंट सर्विस को पहले स्क्वायर कैश (Square Cash) के नाम से जाना जाता था।
ली ने 1997 में रेडरॉक कम्युनिकेशंस (Redrock Communications) के लिए एक वेब डेवलपर के रूप में अपना करियर शुरू किया। उन्होंने आने वाले वर्षों में कई बड़ी कंपनियों के साथ काम किया, जिनमें Capgemini, OCI और AT&T शामिल हैं। 2004 से 2010 के बीच वह Google में स्टाफ सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। इस पद को उन्होंने स्क्वायर में CTO के रूप में ज्वाइन करने के बाद छोड़ दिया था।
'क्रेजी बॉब' के नाम से मशहूर बॉब एलॉन मस्क (Elon Musk) द्वारा संचालित स्पेसएक्स, क्लबहाउस, टाइल, फिग्मा और अन्य जैसे टेक स्टार्टअप्स में निवेशक भी थे। MobileCoin के संस्थापक जोशुआ गोल्डबार्ड (Joshua Goldbard) ने उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में याद किया जिन्होंने हर जगह दोस्त बनाए। गोल्डबार्ड ने कहा, "ली प्रकृति की शक्ति थे। एंड्रॉइड और कैशऐप को हमारी दुनिया में जन्म देने में मदद की। मैं उन्हें हर दिन याद करूंगा।" उनके निधन की खबर आने के बाद से सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि की बाढ़ आ गई है।