ब्रिटेन (Britain) की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन (Suella Braverman) के एक बयान से पाकिस्तान (Pakistan) दुनियाभर में शर्मसार हो गया है। सुएला ब्रेवरमैन ने एक इंटरव्यू में कहा कि गोरी अंग्रेज लड़कियों का पाकिस्तानी रेप करते हैं। भारतीय मूल की मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने इस दौरान बिना किसी लीपापोती के सीधे ब्रिटिश-पाकिस्तानी अपराधियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यौन शोषण के अपराधों में ज्यादातर ब्रिटिश-पाकिस्तानी पुरुष होते हैं। ब्रेवरमैन ने कहा कि ब्रिटिश-पाकिस्तानियों का एक गैंग है जो लड़कियों को ड्रग्स देता है और रेप करता है। शहबाज शरीफ की अगुवाई वाली पाकिस्तानी सरकार सुएला की इस टिप्पणी से बौखला गई है। पाक ने ब्रिटेन को अंजाम भुगतने तक की धमकी तक दे दी है।
स्काई न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ब्रिटेन की मंत्री ने कहा कि जब यौन शोषण की बात आती है तो बच्चों के कल्याण की रक्षा करने में व्यवस्थित और संस्थागत विफलता ब्रिटिश इतिहास में सबसे बड़े स्कैंडल में से एक है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश-पाकिस्तानी पुरुष उस गैंग का हिस्सा हैं जो "नशीली दवाओं का सेवन, बलात्कार और कमजोर अंग्रेज लड़कियों को नुकसान पहुंचाते हैं।"
ब्रेवरमैन ने आगे कहा कि गोरी लड़कियों के कभी-कभी मुश्किल हालात में होने के दौरान उनका रेप किया गया। उन्हें नशीला पदार्थ दिया गया और बाल यौन उत्पीड़न गैंग या नेटवर्क में शामिल पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश पुरुषों के ग्रुप ने उन्हें नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश पुरुष सांस्कृतिक दृष्टिकोण के केस में ब्रिटेन के मूल्यों पर खरे नहीं उतरते हैं।
पाकिस्तान विदेश कार्यालय (एफओ) ने ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन की पाकिस्तानी पुरुषों के खिलाफ जेनोफोबिक टिप्पणियों की निंदा की और इसके गंभीर परिणामों की चेतावनी दी। पाकिस्तान ने ब्रिटिश मंत्री पर पाकिस्तानियों के बारे में झूठ फैलाने का आरोप लगाया और ब्रिटेन में रह रहे पाकिस्तानी मूल के लोगों को लेकर चिंता व्यक्त की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच ने बुधवार की प्रेस वार्ता में चेतावनी दी कि इस तरह की टिप्पणियां खतरनाक परिणामों को बढ़ावा देंगी। ब्रेवरमैन को नेशनल सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू चिल्ड्रन (एनएसपीसीसी) द्वारा भी चेतावनी दी गई है कि यौन शिकारी सिर्फ एक पृष्ठभूमि से नहीं आते हैं। केवल नस्ल पर ध्यान केंद्रित करने से बाल शोषण से निपटा नहीं जा सकता। एनएसपीसीसी ने यूके के गृह मंत्री की आलोचना की और पाकिस्तानियों के प्रति उनकी नफरत और पाकिस्तानियों को अलग करने की साजिश की निंदा की।