Zomato के स्वामित्व वाली क्विक कॉमर्स कंपनी Blinkit ने हाल ही में अपनी 10 मिनट में एंबुलेंस सर्विस की शुरुआत की। इसके एक दिन बाद वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि कंपनी को यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि इसे लेकर देश के भीतर जो कानून हैं, उनका पालन किया जाए और सभी कानूनी जरूरतों का ठीक से ध्यान रखा जाए।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, एक ब्रीफिंग में, गोयल ने मीडिया से कहा, “एंबुलेंस सर्विस या वितरित की जाने वाली दवाओं के साथ ब्लिंकिट के मामले में, मेरा एकमात्र निवेदन यह होगा कि उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि वे देश के कानून का पालन करें, और जो भी हो कानूनी आवश्यकताओं का उचित ध्यान रखा जाना चाहिए। देश का कोई भी कानून नहीं तोड़ा जाना चाहिए।"
Blinkit की एंबुलेंस में क्या-क्या सुविधाएं?
ब्लिंकिट ने गुरुवार को अपनी 10 मिनट की एंबुलेंस सर्विस की शुरुआत की, जिसके तहत वह लगभग 10 मिनट में मरीज के दरवाजे पर एंबुलेंस सेवा प्रदान करेगी। शुरुआत करने के लिए, गुरुग्राम में पांच एंबुलेंस सड़क पर उतरीं।
ब्लिंकिट के CEO अलबिंदर ढींडसा ने घोषणा की, "हमारी एंबुलेंस जरूरी लाइफ सेविंग इक्विपमेंट से लेस हैं, जिनमें ऑक्सीजन सिलेंडर, AED (ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर), स्ट्रेचर, मॉनिटर, सक्शन मशीन और जरूरत वाली इमरजेंसी दवाएं और इंजेक्शन शामिल हैं।"
प्रॉफिट हमारा टारगेट नहीं है: CEO
उन्होंने कहा, हर एक एंबुलेंस में एक पैरामेडिक, एक असिस्टेंट और एक ड्राइवर होता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हम जरूरत के समय हाई क्वालिटी सर्विस दे पाएं।
उन्होंने कहा, “यहां प्रॉफिट हमारा टारगेट नहीं है। हम इस सर्विस को ग्राहकों के लिए किफायती कीमत पर लेकर आएंगे और लॉन्ग टर्म के लिए इस गंभीर समस्या को हल करने में निवेश करेंगे।"
कंपनी पहले से ही क्विक कॉमर्स सर्विस में फूड आइटम, कॉस्मेटिक और ब्यूटी प्रोडक्ट, डेली एसेंशियल, पेट केयर प्रोडक्ट समेत कई तरह के आइटम की होम डिलीवरी करती है।