UP Budget 2022: उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा का पहला सत्र 23 मई से शुरू होगा। विधानसभा का बजट सत्र 31 मई तक चलेगा। इस सत्र के दौरान 26 मई को योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल पहला बजट पेश किया जाएगा। यह बजट वित्त मंत्री वित्त मंत्री सुरेश खन्ना पेश करेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार सरकार युवाओं और किसानों को लेकर बड़े ऐलान कर सकती है।
बजट में सिंचाई के लिए किसानों को फ्री बिजली की सौगात मिल सकती है। इससे सरकार पर सालाना 1845 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ने का अनुमान है। इससे 2.38 करोड़ किसान परिवारों को लाभ मिलेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार का यह बजट करीब 6.5 लाख रुपये का हो सकता है। राज्य के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा बजट होगा। चुनाव में बंपर जीत के बाद योगी सरकार का यह पहला बजट है, जिसको लेकर जनता को काफी उम्मीदें हैं। बताया जा रहा है कि साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए इसे पेश किया जाएगा। सरकार किसानों के हित के लिए कई तरह की योजनाओं का ऐलान कर सकती है। सरकार ने चुनाव के दौरान जो घोषणा पत्र में वादें किए थे, उन्हें पूरा कर सकती है।
26 मई को बजट पेश होने के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा और विधायी कामकाज होंगे। इसके बाद 27 मई को भी राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। फिर कई विधेयक भी सदन में पेश किए जाएंगे। सत्र के दौरान भातखंडे राज्य संस्कृति विश्वविद्यालय अध्यादेश 2022, यूपी राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश 2022, यूपी औद्योगिक क्षेत्र विकास (संशोधन) अध्यादेश 2022 और यूपी निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश 2022 लाया जायेगा।