देश की सबसे खूबसूरत और आधुनिक सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस धर्म नगरी काशी में हादसे का शिकार हो गई है। वाराणसी में ट्रेन में कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया है। लखनऊ-पटना वंदेभारत ट्रेन पर बुधवार रात चौका घाट ढेलवरिया के पास पथराव की खबर सामने आई है। जिसे C-5 कोच के शीशे टूट गए हैं। कैंट जीआरपी और आरपीएफ की टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पीडीडीयूनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर RPF और GRP ने यात्रियों के बयान दर्ज किए हैं।
गोमती नगर लखनऊ वाया अयोध्या होते हुए 22346 वंदेभारत एक्सप्रेस रात में कैंट स्टेशन पहुंची। तय समय तक ठहराव के बाद जैसे ही चौकाघाट ढेलवरिया के पास ट्रेन पहुंची तो अचानक पथराव शुरू हो गया। रात में C-5 कोच के 10, 11 और 12 नंबर सीट के सहमे यात्रियों ने इसकी शिकायत रेल मदद 139 पर की थी।
पथराव करने वालों की तलाश जारी
पथराव होते ही ट्रेन में भगदड़ मच गई। कोच अटेंडेंट के अलर्ट पर ट्रेन रोक दी गई। लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को इस घटना के बारे में जानकारी दी। गार्ड ने ऑनलाइन मेमो जारी किया। जानकारी पाकर कैंट GRP और RPF की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर जांच पड़ताल की गई। हमलावर आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाके खंगाले गए। लोगों से भी पूछताछ की गई है। रेलवे ट्रैक किनारे एक बस्ती में दबिश देकर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि पथराव में कोई यात्री चोटिल नहीं हुआ है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इटारसी में वंदे भारत पर पथराव
इससे पहले 3 जुलाई 2024 को रीवा से चलकर रानी कमलापति स्टेशन जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के चार कोचों पर पथराव हुआ था। इस घटना से रेल विभाग और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था। इटारसी-पवारखेड़ा स्टेशन के बीच सुनसान जंगल में चार कोचों की खिड़कियों पर लगातार अज्ञात युवकों ने पथराव किया था। पथराव में 4 कोच की खिड़कियों के कांच टूट गए थे। कई जगह क्रैक आ गए थे। घटना के समय ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बाहर से हुए पथराव और कांच टूटने की आवाज से सारे यात्री सहम गए। कांच मोटा होने के कारण पत्थर अंदर तक नहीं पहुंच पाए, वरना यात्री भी जख्मी हो सकते थे।