IMD Forecast: मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी, जानें आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम

IMD ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हिमाचल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है

अपडेटेड Aug 12, 2022 पर 5:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD ने अगले 24 घंटों में मुंबई और उपनगरों में मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है

IMD Forecast: मुंबई के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार की सुबह हल्की बारिश हुई। कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश भी देखने को मिली। हालांकि, मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव की कोई खबर नहीं है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने अगले 24 घंटों में मुंबई और उपनगरों में मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

IMD ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र के सतारा, रत्नागिरी, पुणे, रायगढ़, पालघर और नासिक जिलों में 24 घंटे के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- 'केजरीवाल सरकार ने विज्ञापन पर खर्च किए 19 करोड़ रुपये, सिर्फ 2 छात्रों को मिला लोन', AAP पर BJP ने लगाया आरोप


मध्य प्रदेश और कर्नाटक के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कर्नाटक में 6 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश में 25 जिले प्रभावित होंगे। मौसम कार्यालय ने उत्तर कन्नड़, शिमोगा, उडुपी, चिकमगलूर, दक्षिण कन्नड़ और कोडागु के लिए अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में 12 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। IMD ने राजस्थान के उदयपुर, डूंगरपुर और बांसवाड़ा में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज से लेकर 14 अगस्त तक मध्य प्रदेश में गरज के साथ छिटपुट से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 13 और 15 को छत्तीसगढ़ में, 12, 13 और 15 को गुजरात में, 12 से 15 अगस्त 2022 के दौरान कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश होगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, 13 और 14 अगस्त को झारखंड में, आज यानी 12 अगस्त को ओडिशा में, 13 और 14 तारीख को अरुणाचल प्रदेश में, 13 से 15 अगस्त के दौरान असम और मेघालय में, जबकि 12 से 15 अगस्त के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।