IMD Forecast: दिल्ली-NCR में आज हल्की बारिश के आसार, महाराष्ट्र-ओडिशा समेत इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल

IMD Forecast: राष्ट्रीय राजधानी में कल यानी शुक्रवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है। 11 अप्रैल को दिल्ली-NCR में तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है। IMD ने कहा कि आंतरिक महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिशा में 7 अप्रैल को गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है

अपडेटेड Apr 06, 2023 पर 4:35 PM
IMD Forecast: मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र, ओडिशा, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश की आशंका है

IMD Forecast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi Weather) में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, आज दिन में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हालांकि, 24 घंटे के दौरान दिल्ली-NCR में हल्की बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान के 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र, ओडिशा, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश की आशंका है। दिल्ली में अगले हफ्ते गर्मी बढ़ने की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, हरियाणा के रोहतक, खरखौदा, भिवानी, कोसली और राजस्थान के सादुलपुर में छिटपुट स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदा बांदी होगी। अगले 24 घंटों के दौरान NCR (छपरौला, नोएडा, ग्रेटर नोएडा) के आस-पास के इलाकों में भारी बारिश या बूंदा बांदी होगी।

7 दिनों का फोरकास्ट जारी


7 दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में कल यानी शुक्रवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है। 11 अप्रैल को दिल्ली-NCR में तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है। इस हफ्ते की शुरुआत में दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश और आंधी के कारण जलभराव देखा गया। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद सहित दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में मंगलवार तड़के भारी बारिश हुई।

उत्तर पश्चिमी भारत के लिए चेतावनी

IMD ने कहा कि आंतरिक महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिशा में 7 अप्रैल को गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि मध्य महाराष्ट्र, विशेष रूप से सांगली, सतारा, पुणे, कोल्हापुर, शोलापुर आदि सहित दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधि अधिक होगी। इन इलाकों में 7, 8 और 9 अप्रैल को बारिश हो सकती है। 7 और 8 अप्रैल को भारी बारिश होने की आशंका है।

राजस्थान

इसी तरह राजस्थान की राजधानी जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में आगामी दो-तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जबकि 8-9 अप्रैल को कोटा, उदयपुर, अजमेर एवं जयपुर संभाग में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश की आशंका है। राजस्‍थान के अनेक इलाकों में फिलहाल गर्मी के फिर जोर पकड़ने लगी है।

ये भी पढ़ें- Padma Awards 2023: पद्म पुरस्कार समारोह में सादगी से पीछे बैठी रहीं ब्रिटेन की फर्स्ट लेडी अक्षता मूर्ति, पता चला तो दी गई आगे की सीट

बता दें कि देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कुछ राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी तो कहीं बारिश देखने को मिल रहा है। देश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से हुई बारिश (Rains) ने लोगों को गर्मी से राहत दी। हालांकि, IMD वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले सप्ताह से एक बार फिर दिल्ली (Delhi Weathet Update) समेत उत्तर भारत के इलाकों में मौसम अपना रंग बदलने वाला है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।