IMD Weather Forecast: अगले 5 दिनों के दौरान इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश और बर्फबारी, जानें आपके राज्य में कैसा रहने वाला है मौसम

IMD Weather Forecast: मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु (Tamil Nadu), पुडुचेरी (Puducherry) और केरल (Kerala) में भारी बारिश होने की आशंका है

अपडेटेड Nov 03, 2022 पर 4:37 PM
Weather Forecast: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है (फोटो- Indian Express)

Weather Forecast Updates: दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में ठंड की शुरूआत हो चुकी है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी (Snowfall) के बाद ठंड बढ़ती नजर आ रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को कहा अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु (Tamil Nadu), पुडुचेरी (Puducherry) और केरल (Kerala) में भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने आगे कहा कि 4 नवंबर से मैदानी इलाकों में और 5 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश होने की आशंका है। IMD ने 3 और 4 नवंबर को तमिलनाडु और केरल में बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange alert) भी जारी किया है।

अपने आधिकारिक बयान मे IMD ने चेतावनी दी है कि इन राज्यों में भारी बारिश से सड़कों पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। मौसम एजेंसी ने यह भी कहा है कि बारिश से सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है।

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। हालांकि, राज्य में बुधवार को बारिश कम हुई। इसके बावजूद पेराम्बूर, पुलियनटोप, पंथियन लेन, वडापलानी और सालीग्रामम सहित कई इलाकों में जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इझिलागम स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र का दौरा करने के बाद उम्मीद जताई कि चेन्नई जल्द ही जलजमाव मुक्त होगा।


ये भी पढ़ें- Virat Kohli Fake Fielding: बांग्लादेश के नुरूल हसन ने विराट कोहली पर लगाया 'फेक फील्डिंग' का आरोप, वीडियो में देखें क्या है पूरा मसला

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

- मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में भारी बारिश जारी रहेगी।

- 3 से 7 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में गरज एवं बिजली के साथ मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की आशंका है।

- 3 और 4 नवंबर को दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में भी बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

- 4 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और 5 नवंबर से उसके आसपास के मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।

- 5-7 नवंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की आशंका है।

- उत्तराखंड में 6 और 7 नवंबर को मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है।

- पंजाब में 5-7 नवंबर के दौरान मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की गई है

- 6 नवंबर को कश्मीर घाटी में भारी बारिश या बर्फबारी की भी संभावना है

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।