दिल्ली-NCR में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने के आसार, इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल

IMD ने कहा कि आज दिन में आदमपुर, हिसार, हांसी और महम (हरियाणा) के आस-पास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता की रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके बाद पश्चिमी यूपी के बागपत, मेरठ, मोदीनगर, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है

अपडेटेड May 17, 2023 पर 1:17 PM
Weather Forecast: मौसम विभाग ने केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने में थोड़ी देरी होने का पूर्वानुमान जताया है

IMD Weather Forecast: भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान दिल्ली-NCR के लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने बुधवार को जारी अपने ताजा फोरकास्ट में बताया कि 24 घंटे के दौरान दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों में गरज एवं तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य-दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और NCR (लोनी देहात, हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला) और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

IMD ने आगे कहा कि आज दिन में आदमपुर, हिसार, हांसी और महम (हरियाणा) के आस-पास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता की रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके बाद पश्चिमी यूपी के बागपत, मेरठ, मोदीनगर, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

बता दें कि चिलचिलाती धूप और लू ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। इस बीच लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मानसून को लेकर मौसम विभाग ने बड़ी जानकारी देते हुए बताया है कि इस बार देश में मानसून की एंट्री थोड़ी लेट हो सकती है।


कब दस्तक देगा मानसून?

मौसम विभाग ने केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने में थोड़ी देरी होने का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए मंगलवार को कहा कि इसके 4 जून तक दस्तक देने की संभावना है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस मामूली देरी से देश में कृषि क्षेत्र और कुल बारिश पर असर पड़ने की संभावना नहीं है। दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य रूप से 1 जून को केरल में प्रवेश करता है। इसमें आमतौर पर लगभग 7 दिन की देरी या जल्दी शामिल होती है।

मौसम विभाग कार्यालय ने एक बयान में कहा कि इस साल केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन में थोड़ी देरी होने की संभावना है। केरल में मानसून के चार जून को पहुंचने की संभावना है। दक्षिणी राज्य में मानसून पिछले साल 29 मई को, 2021 में तीन जून को और 2020 में एक जून को पहुंचा था। बता दें कि जैसे-जैसे मानसून उत्तर दिशा में आगे की ओर बढ़ता है, इन क्षेत्रों को चिलचिलाती गर्मी के तापमान से राहत मिलने लगती है।

IMD ने कहा कि मानसून के केरल पहुंचने के संबंध में उसके पूर्वानुमान 2015 को छोड़कर पिछले 18 साल के दौरान सही साबित हुए हैं। IMD प्रमुख एम महापात्रा ने पीटीआई से कहा कि मानसून के केरल पहुंचने का अनुमान है और इसमें लगभग सात दिन की देरी या जल्दी (मानक विचलन) शामिल है। उन्होंने कहा कि देश में कृषि और कुल बारिश पर इसका असर पड़ने की संभावना नहीं है।

ये भी पढ़ें- पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के सहयोगी के घर पर CBI का छापा, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली में 9 ठिकानों पर ली तलाशी

उन्होंने कहा कि मानूसन के पहुंचने की तारीख और मौसम के दौरान देश में कुल बारिश के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। साथ ही, केरल में मानसून के जल्दी या देर से पहुंचने का मतलब यह नहीं है कि यह देश के अन्य हिस्सों में उसी अनुसार पहुंचेगा। IMD ने पिछले महीने कहा था कि भारत में अल नीनो की स्थिति के बावजूद दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम के दौरान सामान्य बारिश होने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।