Weather Forecast: यूरोपीय जलवायु एजेंसी कॉपरनिकस ने पुष्टि की है कि साल 2024 अब तक का सबसे गर्म वर्ष रहा। 2024 ऐसा पहला वर्ष रहा जब वैश्विक औसत तापमान पूर्व-औद्योगिक स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यूरोपीय जलवायु एजेंसी ने कहा कि 2024 में जनवरी से जून तक का हर माह अब तक का सबसे गर्म माह रहा। जुलाई से दिसंबर तक, अगस्त को छोड़कर हर माह 2023 के बाद रिकॉर्ड स्तर पर दूसरा सबसे गर्म माह रहा। वैज्ञानिकों ने पाया कि 2024 में औसत तापमान 1850-1900 की आधार रेखा से 1.60 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
कॉपरनिकस जलवायु परिवर्तन सेवा (C3s) के वैज्ञानिकों के अनुसार 1850 में जब से वैश्विक तापमान की माप शुरू हुई है तब से 2024 सबसे गर्म वर्ष रहा। औसत वैश्विक तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो 1991-2020 के औसत से 0.72 डिग्री अधिक और 2023 से 0.12 डिग्री अधिक है।
न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट में जॉर्जिया विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान के प्रोफेसर मार्शल शेफर्ड के हवाले से कहा गया है, "यह पृथ्वी के डैशबोर्ड पर एक चेतावनी प्रकाश है जिस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।" उन्होंने आगे कहा, "तूफान हेलेन, स्पेन में बाढ़ और कैलिफोर्निया में जंगल की आग को बढ़ावा देने वाले मौसम के झटके इस दुर्भाग्यपूर्ण जलवायु गियर शिफ्ट के लक्षण हैं। हमें अभी भी कुछ गियर जाने हैं।"
रिपोर्ट में बताया गया है कि यूरोपीय टीम ने 1.6 डिग्री सेल्सियस (2.89 डिग्री फ़ारेनहाइट) तापमान वृद्धि की गणना की। जबकि जापान ने 1.57 डिग्री सेल्सियस (2.83 डिग्री फारेनहाइट) और ब्रिटिश ने 1.53 डिग्री सेल्सियस (2.75 डिग्री फारेनहाइट) तापमान वृद्धि पाई। यूरोपीय संघ की एजेंसी ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक तापमान "आधुनिक मनुष्यों द्वारा अनुभव किए गए तापमान से कहीं अधिक बढ़ रहा है"।
दिल्ली में छाया घना कोहरा
दिल्ली में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाए रहने के कारण विजिबिलिटी शून्य हो गई, जिससे हवाई और रेल परिचालन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 100 से अधिक उड़ानें विलंबित हैं और 26 ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने बताया कि भारतीय समयानुसार तड़के साढ़े चार बजे से पालम में विजिबिलिटी शून्य है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सफदरजंग में सुबह साढ़े पांच बजे से घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर तक रही। इस बीच दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता गंभीर कैटेगरी में दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 408 रहा, जो गंभीर श्रेणी में आता है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में बहुत घना कोहरा रहने तथा अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।