Cold Wave: इन राज्यों में अभी जारी रहेगा सर्दी का सितम, जानें कब मिलेगी कड़ाके की ठंड से राहत
IMD ने इस सप्ताह के अंत में उत्तर भारतीय राज्यों में बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और हिमाचल प्रदेश के मनाली में जमकर बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 जनवरी से उत्तर पश्चिम भारत में ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है
IMD ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में घना कोहरा और ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना है
Weather Forecast: कड़ाके की ठंड और शीतलहर (Cold Wave) ने पिछले कुछ दिनों में उत्तर, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने इस सप्ताह ठंड की ऐसी ही स्थिति जारी रहने की भविष्यवाणी की है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक, 7 जनवरी से उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों में ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। IMD ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में घना कोहरा और ठंड का प्रकोप जारी रहने की आशंका है।
IMD मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, "अगले 2-3 दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण घना कोहरा छा सकता है।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने इस सप्ताह के अंत में उत्तर भारतीय राज्यों में बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। बुधवार को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बर्फबारी हुई थी, जबकि आज (5 जनवरी) हिमाचल प्रदेश के मनाली में ताजा बर्फबारी हो रही है।
ठंड से ठिठुरी दिल्ली
दिल्ली में बुधवार को सुबह इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे, कोहरे की चादर में लिपटी राष्ट्रीय राजधानी धर्मशाला, नैनीताल और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी हो गई। अधिकारियों ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता 200 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल परिवहन प्रभावित हुआ है।
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला के अनुसार, बर्फीले हिमालय से शुरू होकर मैदानों से होते हुए आती सर्द हवाओं के कारण बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन अंक नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो एक दिन पहले 8.5 डिग्री सेल्सियस था।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान धर्मशाला (5.2 डिग्री), नैनीताल (छह डिग्री) और देहरादून (4.5 डिग्री) से भी कम दर्ज किया गया। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान दिल्ली यूनिवर्सिटी के पास 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश/बर्फबारी की चेतावनी
IMD ने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, उत्तर मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 जनवरी 2023 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अलग-थलग हिस्सों में छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है।