IMD Rainfall Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कुछ राज्यों में मौसम बदलने वाला है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, आने वाले अगले तीन दिनों में दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, दिल्ली-NCR के कई इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह धूप खिली रही और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य तापमान के बीच, मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 14 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की आशंका है।
मौसम विभाग द्वारा रविवार को जारी एक बुलेटिन में कहा गया है, "पंजाब में कई स्थानों पर और हरियाणा, चंडीगढ़ एवं इससे सटे पश्चिम उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।"
बुलेटिन में आगे कहा गया है कि जम्मू-कश्मीर के पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेशों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 6-8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्षेत्र में भी भारी बारिश दर्ज की गई है। साथ ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई है।
IMD के मुताबिक, पंजाब में पिछले 24 घंटों में उच्चतम तापमान फरीदकोट में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान होशियारपुर में 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि रेवाड़ी में सबसे कम 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने का अनुमान लगाया है। IMD के मुताबिक, कल यानी 13 मार्च को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रह सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो इसी के साथ सोमवार को राजधानी में आंशिक तौर पर काले बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा 14 मार्च को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15 और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं, दिल्ली में सोमवार से लकर अगले 48 घंटे के दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।