Weather Update Today: नए साल की पूर्व संध्या पर शीतलहर के कारण अत्यधिक ठंड रही। इसका असर साल के पहले दिन दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में देखने को मिला। लोग दिन के अधिकांश समय अलाव के पास बैठे नजर आए। कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत समेत मैदानी इलाकों में अब शीतलहर का असर तेज होगा। IMD के अनुसार, पश्चिमी हवाएं पहाड़ों से ठंडी हवाएं लेकर आ रही हैं। इस वजह से तापमान में लगातार गिरावट आ रही है।
अगले कुछ दिनों में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप और तेज होगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस में आई गड़बड़ी के चलते पहाड़ी इलाकों में जमकर हो रही बर्फबारी का सीधा असर NCR के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। घने कोहरे और न्यूनतम तापमान में आई गिरावट से लोगों का सामना हो रहा है।
दिल्ली-NCR में गुरुवार (3 जनवरी) को लगातार चौथे दिन भीषण ठंड रही। अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अधिकारियों ने बताया, "दिल्ली में गुरुवार को लगातार चौथे दिन भीषण ठंड की स्थिति रही। इस दौरान, दृश्यता घटकर 50 मीटर से कम रह गई।"
आईएमडी अधिकारियों के अनुसार, पालम मौसम केंद्र ने सुबह छह बजे बहुत घना कोहरा होने की सूचना दी और विजिबिलिटी शून्य मीटर रही। आईएमडी ने शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकांश स्थानों पर धुंध और मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। जबकि सुबह के समय कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है।
नोएडा में भीषण सर्दी, स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश के नोएडा में बढ़ती ठंड को देखते हुए सभी सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी के अलावा यूपी और अन्य बोर्ड की नर्सरी से आठवीं तक के क्लास को बंद कर दिया गया है। यह आदेश गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने जारी किया है। आदेश में स्पष्ट है कि घने कोहरे और भीषण सर्दी के चलते ऐसा किया गया है। डीएम ने साफ कहा कि अगले आदेश तक सभी क्लासेस बंद रहेंगी। इसके बाद स्कूल कब खोले जाएंगे, इसके लिए अलग से आदेश जारी किया जाएगा। कुछ दिनों से नोएडा में औसत अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है।
फिलहाल भीषण सर्दी से निजात नहीं मिलने की संभावना है। वहीं, शीतलहर का प्रकोप भी जारी है। नोएडा में अधिकांश स्कूल 10 जनवरी तक पहले ही बंद हैं। कई स्कूल खुले थे। जिनको लेकर आदेश जारी किया गया। आदेश का पालन नहीं करने पर स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में कोल्डवेव का असर लगातार जारी है। आने वाले कुछ दिनों तक तेज हवाओं से शीत लहर के प्रकोप का असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक अभी चल रही हवा से 2 गुना तेज गति से हवा चलेगी और लोगों को भीषण सर्दी का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा 6 जनवरी को मौसम विभाग ने एनसीआर में बारिश की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग ने कोल्डवेव का अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है। इसकी वजह से लोगों को भीषण सर्दी का सामना करना पड़ेगा।
बिहार में तेज पछुआ हवा ने लोगों को ठिठुराया
तेज पछुआ हवा ने बिहार के अधिकतर इलाकों के लोगों को ठिठुरा दिया है। इसकी वजह से लोगों को गलन और कनकनी महसूस हो रही है। राजधानी पटना सहित अन्य इलाकों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड में वृद्धि दर्ज की गई है। पटना में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में कमी के कारण सुबह और शाम में कनकनी का प्रभाव बना हुआ है। इधर, ठंड के कारण पटना के स्कूलों के समय में भी परिवर्तन किया गया है।
पटना जिले में अधिक ठंड तथा विशेष रूप से सुबह और शाम के समय कम तापमान की स्थिति है, जिसके कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि पूरे राज्य में कोहरा अथवा कुहासे की स्थिति बनी रहेगी। बिहार में दिन में कोहरा या कुहासे की एक विशेष परिस्थिति बन रही है, जिसकी वजह से बिना बादल के सूरज का दिखना मुश्किल हो गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में ज्यादा अंतर नहीं होने के कारण लोग दिन में भी ठंड का एहसास करेंगे। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में अगले एक दो दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है, जिससे और ठंड बढ़ सकती है।