Delhi Weather: ठंड से ठिठुरी दिल्ली! इस मौसम में पहली बार 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरा तापमान, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Delhi Weather Update: IMD के अनुसार, दिल्ली में आज (5 जनवरी) को लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में यह इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान है। साथ ही यह बीते दो सालों में जनवरी में दिल्ली में दर्ज सबसे न्यूनतम तापमान भी है

अपडेटेड Jan 05, 2023 पर 3:38 PM
IMD के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली में कई पहाड़ी इलाकों से ज्यादा ठंड दर्ज की गई

Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi Cold Wave) सहित देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में ठंड जमकर कहर ढा रही है। राष्ट्रीय राजधानी में जबरदस्त शीत लहर के चलते गुरुवार को मौसम की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई, जब पारा तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। IMD के अनुसार, दिल्ली में आज (5 जनवरी) को लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में यह इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान है। साथ ही यह बीते दो सालों में जनवरी में दिल्ली में दर्ज सबसे न्यूनतम तापमान भी है।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली में कई पहाड़ी इलाकों से ज्यादा ठंड दर्ज की गई। राजधानी में न्यूनतम तापमान डलहौजी (4.9 डिग्री सेल्सियस), धर्मशाला (5.2 डिग्री सेल्सियस), कांगड़ा (3.2 डिग्री सेल्सियस), शिमला (3.7 डिग्री सेल्सियस), देहरादून (4.6 डिग्री सेल्सियस), मसूरी (4.4 डिग्री सेल्सियस) और नैनीताल (6.2 डिग्री सेल्सियस) के मुकाबले कम रहा। एक दिन पहले बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस और मंगलवार को 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह साढ़े पांच बजे विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई। विभाग के मुताबिक, शून्य से 50 मीटर तक विजिबिलिटी ‘बहुत घने कोहरे’, 51 मीटर से 200 मीटर तक ‘घने कोहरे’, 201 मीटर से 500 मीटर तक ‘मध्यम कोहरे’ और 501 मीटर से 1000 मीटर तक विजिबिलिटी ‘हल्के कोहरे’ की कैटेगरी में आती है।


ये भी पढ़ें- Fog Alert: दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट टाइम पर लेकिन उत्तर भारत में ट्रेन चल रही है लेट, जानिए लेट ट्रेनों की लिस्ट

मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली-NCR (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) के लिए गुरुवार और शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था। IMD के अनुसार, अगले 24 घंटे तक शीत लहर और ठंड का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं। हालांकि, सात जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत के एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में आने के कारण सर्दी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

IMD के मुताबिक, मैदानी इलाकों में शीतलहर की घोषणा तब की जाती है, जब न्यूनतम तापमान लुढ़ककर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाए या फिर 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे और सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो जाए। वहीं, न्यूनतम तापमान के घटकर दो डिग्री सेल्सियस हो जाने या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से कम रहने पर ‘भीषण’ शीतलहर की घोषणा की जाती है।

इसी तरह, एक ठंडा दिन तब होता है, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस से कम या इसके बराबर होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है। एक अत्यधिक ठंडा दिन तब होता है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम होता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।