Weather Updates: देश के कई इलाकों मे सूरज का प्रकोप फिर से बढ़ने लगा है। दिल्ली- NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) के मुताबिक अगले 5 दिनों के दौरान देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान (Maximum temperature) में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इस समय न्यूनतन तापमान (Minimum temperature) 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग मुताबिक, अगले 2 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) पश्चिम राजस्थान और उसके पड़ोसी इलाकों के ऊपर मौजूद है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9 और 10 अप्रैल को बारिश हो सकती है। वहीं केरल में अगले 5 दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में खिली रहेगी धूप
दिल्ली में उत्तर पश्चिमी हवा चलने से सुबह मौसम ठंडा रहा। इसी वजह से शनिवार को न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। पिछले दो साल में अप्रैल के महीने में शनिवार की सुबह अब तक सबसे अधिक ठंडक भरी रही। हालांकि, दिन में तेज धूप से तापमान में इजाफा देखने को मिला। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को आसामान साफ रहेगा। धूप खिली रहेगी। हालांकि, सोमवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। स्काईमेट की माने तो दिल्ली में बारिश का दौर थम चुका है। अप्रैल में सामान्य बारिश है और आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने वाला है। उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म हवाओं से राजधानी के तापमान में इजाफा होता रहेगा।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान, विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तर-पश्चिम तेलंगाना के आसपास के हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में मामूली ओले भी गिर सकते हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल और मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश और पूर्वी असम के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत के अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
लखनऊ में रविवार सुबह की शुरुआत शुष्क मौसम के साथ हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रह सकता है। आने वाले तीन दिनों में गर्मी में इजाफा हो सकता है।