Tamil Nadu Weather Updates: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि दक्षिण बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण तमिलनाडु, पुडुचेरी और करईकल में आज यानी गुरुवार से अगले तीन दिनों तक मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। कम दबाव के क्षेत्र के गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन में कहा गया है कि दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर कम दबाव के क्षेत्र के गुरुवार तक गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। IMD ने बताया कि इसके अगले 24 घंटे के दौरान श्रीलंका तट की ओर पश्चिम-उत्तर की ओर तथा उसके बाद के 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु की ओर बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है और मछुआरों को दक्षिण बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागार, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन इलाके में पांच मार्च तक समुद्र में न उतरने को कहा है।
IMD ने दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु-दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों के साथ-साथ गुरुवार को मन्नार की खाड़ी में तेज हवाएं (45-55 किमी/घंटा से लेकर लगभग 65 किमी/घंटा तक) चलने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को पश्चिम-मध्य और इससे सटे दक्षिण-पश्चिम खाड़ी और उत्तरी तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटों पर तूफानी मौसम (45-55 किमी / घंटा से 65 किमी / घंटा) की संभावना है। जबकि रविवार को, उत्तरी तमिलनाडु-दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर हवा की गति 40-50 किमी/घंटा से लेकर 60 किमी/घंटा तक कम हो सकती है।
गुरुवार और शुक्रवार को तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। मौसम विभाग ने कहा कि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में शनिवार को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।