Weather Updates: मौसम ने बदला रंग, महाराष्ट्र-गुजरात में 10 लोगों की मौत, फसलों को भारी नुकसान

Weather Updates: देश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। कई राज्यों में बारिश हो रही है। ऐसे में फसल खराब होने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच मौसम विभाग (weather department) ने कहा है कि अगल हफ्ते कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जगहों पर ओला गिरने की भी आशंका जताई है

अपडेटेड Mar 18, 2023 पर 11:45 AM
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले हफ्ते भी बारिश हो सकती है

Weather Updates: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हिमाचल प्रदेश समेत भारत के कई हिस्सों में बारिश फिर शुरू हो गई है। अरुणाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, राजस्थान के कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा में अलग-अलग इलाकों पर बारिश हुई। मध्य प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु पुडुचेरी में पिछले 24 घंटे बारिश जारी है। कुल मिलाकर देश के कई इलाकों में बेमौसम बारिश का कहर शुरू हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव जारी है। इससे किसानों की फसल के नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

बेमौसम बारिश के बीच मौसम विभाग ने किसानों से अपनी फसल की कटाई रोकने के लिए कहा है। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब और हरियाणा के किसान सरसों के फसल की कटाई रोक दें। वहीं मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के किसानों को कहा है कि वो दालें और गेहूं की फसलों की कटाई रोक दें।

अगले हफ्ते भी हो सकती है बारिश


वहीं मौसम विभाग ने कहा है कि अगले हफ्ते देश के कई इलाकों में बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने ओला गिरने की भी आशंका जताई है। गुजरात में शुक्रवार को बारिश के चलते 5 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। राज्य में बेमौसम बारिश जारी है। गांधीनगर में स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर (State Emergency Operations Centre) के एक अधिकारी ने कहा कि 4 मार्च से अब तक राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के तीन अलग-अलग चरणों में बिजली गिरने जैसी घटनाओं में कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है।

H3N2: कई राज्यों में H3N2 वायरस का कहर, महाराष्ट्र सरकार हुई अलर्ट, दिल्ली में एडवाइजरी जारी

महाराष्ट्र में बारिश से 5 लोगों की मौत

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, महाराष्ट्र के मराठवाडा क्षेत्र में भी बेमौसम बारिश जारी है। ओला गिरने के चलते 5 लोगों की मौत हो गई है। करीब 4,950 हेक्टेयर में लगी फसल चौपट हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक, 8 जिलों में करीब 2.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

उत्तर प्रदेश में बारिश

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को बेमौसम बारिश हुई। किसानों के लिए मौसम का ये बदलाव आफत बनकर आया है। तेज हवाओं और बारिश की वजह से किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी सरसों और गेंहू की बालियां टूट गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाली 19, 20 और 21 मार्च को भी यूपी के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ओले भी गिर सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।