Kolkata News : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी कर्मचारी छुट्टी न मिलने पर इतना भड़क गए कि उन्होंने अपने चार सहकर्मियों को चाकू मारकर घायल कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी कर्मचारी खून से सना चाकू लेकर इधर-उधर घूमते रहा, ये घटना वहां लगे कैमरे में कैद हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी का नाम असित सरकार है, जो न्यूटाउन के करिगोरी भवन में राज्य सरकार का कर्मचारी है। घटना के बाद वह खून से सना चाकू लेकर सड़कों पर घूमता दिखा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यातायात पुलिस के एक कर्मी ने आरोपी से चाकू फेंकने को कहा, जिसके बाद उसने आत्मसमर्पण कर दिया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
साथियों पर किया चाकू से हमला
जानकारी के मुताबिक असित सरकार ने छुट्टी के लिए आवेदन किया था लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली। इससे वह नाराज हो गया और सहकर्मियों से बहस करने लगा। फिर दोपहर करीब 12 बजे उसने ऑफिस में चाकू से हमला कर दिया, जिससे एक सुरक्षा गार्ड समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों में जयदेव चक्रवर्ती, संतुनु साहा, सारथा लाते और शेख सतबुल शामिल हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। उत्तर 24 परगना के सोदेपुर का रहने वाला आरोपी असित सरकार, तकनीकी शिक्षा विभाग में काम करता था। छुट्टी को लेकर सहकर्मियों से झगड़े के बाद उसने उन पर चाकू से हमला किया और भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताई ये बात
जब आरोपी चाकू लेकर सड़क पर चल रहा था तो लोगों ने उसका वीडियो बना लिया, जिसमें वह दूसरों को पास न आने के लिए कह रहा था। पूछताछ में उसने आरोप लगाया कि सहकर्मियों ने उसके पिता पर गलत टिप्पणी की थी, जिससे वह गुस्से में आ गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि उसे चाकू कहां से मिला। पुलिस ने बताया कि आरोपी चाकू लेकर न्यू टाउन की सड़कों पर भाग रहा था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।