Wrestlers Protest: बृजभूषण सिंह को कभी भी पूछताछ के लिए बुला सकती है दिल्ली पुलिस, पहलवानों का 9वें दिन भी प्रदर्शन जारी

Wrestlers Protest: भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उनके खिलाफ नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शीर्ष पहलवानों के धरने को राजनीति से प्रेरित बताया। देश के शीर्ष पहलवानों ने बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग करते हुए 23 अप्रैल से एक बार फिर जंतर-मंतर पर धरना शुरू किया था। बृजभूषण पर महिला पहलवानों को धमकाने और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाये गए हैं

अपडेटेड May 01, 2023 पर 1:09 PM
Wrestlers Protest: सूत्रों ने News18 को बताया कि दिल्ली पुलिस जांच के तहत बृजभूषण सिंह को कभी भी पूछताछ के लिए बुला सकती है

Wrestlers vs WFI Updates: यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ बजरंग पुनिया सहित देश के शीर्ष पहलवानों का विरोध-प्रदर्शन सोमवार को नौवें दिन भी जारी है। महिला पहलवानों द्वारा बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में दिल्ली पुलिस ने दो FIR दर्ज की है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि शिकायतकर्ताओं को जल्द ही अपने बयान दर्ज करने के लिए कहा गया है ताकि मामले में आगे की जांच की जा सके।

इस बीच, सूत्रों ने News18 को बताया कि दिल्ली पुलिस जांच के तहत बृजभूषण सिंह को कभी भी पूछताछ के लिए बुला सकती है। सूत्रों ने कहा कि शिकायत दर्ज कराने वाले पहलवानों के बयान लेने के बाद पुलिस सवालों की एक सूची तैयार करेगी, जिसका WFI प्रमुख को जवाब देना होगा। पुलिस वर्तमान में दोनों शिकायतों की जांच कर रही है। पुलिस जांच में मामले से संबंधित सभी तकनीकी और गैर-तकनीकी सबूतों की जांच की जा रही है।

पहलवानों को सुरक्षा मुहैया कराई गई


दिल्ली पुलिस ने WFI प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली पहलवानों को रविवार को सुरक्षा मुहैया कराई। अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ताओं को जल्द ही बयान दर्ज कराने को कहा गया है ताकि आगे की जांच की जा सके।

सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज होने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को इन पहलवानों को सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया था। सिंह के खिलाफ महिला के शील को भंग करने, नजर रखने और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) एक्ट की धारा 10 के तहत दो FIR दर्ज की गई हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई से कहा, “सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार हमने WFI प्रमुख के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने वाली पहलवानों को सुरक्षा मुहैया कराई है, जिनमें एक नाबालिग पहलवान भी शामिल है। हमने शिकायतकर्ताओं से उनके बयान दर्ज कराने के लिए भी कहा है।

बृजभूषण ने धरने को बताया राजनीति से प्रेरित

इस बीच, भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उनके खिलाफ नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शीर्ष पहलवानों के धरने को राजनीति से प्रेरित बताया। देश के शीर्ष पहलवानों ने बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग करते हुए 23 अप्रैल से एक बार फिर जंतर-मंतर पर धरना शुरू किया था। बृजभूषण पर महिला पहलवानों को धमकाने और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाये गए हैं।

बृजभूषण ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के रुख की सराहना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी धरने से नहीं जुड़कर सच्चाई के साथ खड़ी है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) सहित अन्‍य विपक्षी दलों ने पहलवानों को समर्थन दिया है और इन पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शन स्‍थल पर पहलवानों से मुलाकात की। हालांकि, समाजवादी पार्टी ने धरने से किनारा कर लिया है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि धरना दे रहे पहलवान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलौने बन गए हैं। उनका मकसद मेरा इस्तीफा नहीं है, बल्कि यह केवल राजनीतिक है। सिंह ने कहा कि प्रदर्शन करना उनका अधिकार है, लेकिन क्या रेलवे से जुड़ा कोई खिलाड़ी इस तरह धरने पर बैठ सकता है? जहां पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए जा रहे हैं।

दीपेंद्र हुड्डा और बजरंग पूनिया पर साधा निशाना

विश्नोहरपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में बृजभूषण ने आरोप लगाया कि यह पूरी साजिश कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा और पहलवान बजरंग पूनिया ने रची है। बृजभूषण ने बजरंग पूनिया पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने (बजरंग) 4 महीने तक आरोप लगाने वाली नाबालिग लड़की की तलाश की। इससे जुड़ा एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें साफ तौर पर साजिश की बात सामने आ रही है।

ये भी पढ़ें- Road Rage Video: दिल्ली में शख्स को कार के बोनट पर 3 किमी तक घसीटा गया, बिहार के सांसद की थी गाड़ी

उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा जो शुरू से इस कहानी के कथाकार हैं, वही प्रियंका गांधी वाड्रा को बहकाकर ले आए। जिस दिन प्रियंका को सच्चाई पता चलेगी, जांच की रिपोर्ट आ जाएगी, उन्हें महसूस होगा कि मुझे नहीं जाना चाहिए था। बीजेपी सांसद ने कहा कि प्रियंका गांधी गलतफहमी में हैं। मैं उन्हें खुली चुनौती देता हूं कि कैसरगंज, गोंडा, श्रावस्ती या आसपास की किसी भी लोकसभा सीट से मेरे सामने चुनाव मैदान में उतर जाएं। सारी गलतफहमी दूर हो जाएगी। बृजभूषण ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर भी निशाना साधा। बीजेपी सांसद ने एक उद्योगपति का नाम लिए बगैर गंभीर आरोप लगाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।