Road Rage Video: दिल्ली में शख्स को कार के बोनट पर 3 किमी तक घसीटा गया, बिहार के सांसद की थी गाड़ी

Road Rage Video: पुलिस के ओवरटेक करने और उसका रास्ता रोकने के बाद ही आरोपी ने कार रोकी। घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है, जब कार आश्रम चौक से निजामुद्दीन दरगाह की ओर जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, कार बिहार की सांसद वीणा देवी की थी। हालांकि, घटना के वक्त सांसद कार में मौजूद नहीं थी

अपडेटेड May 01, 2023 पर 11:57 AM
Road Rage Video: एक ड्राइवर ने अपनी कार की बोनट पर युवक को लटकाकर 3 किलोमीटर तक कार दौड़ाई

Delhi Road Rage Video: राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फ‍िर रोड रेज (Road Rage) का मामला सामने आया है। दिल्ली की सड़कों पर बदमाशों का कहर देखने को मिला है। एक ड्राइवर ने अपनी कार की बोनट पर युवक को लटकाकर 3 किलोमीटर तक कार दौड़ाई। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की कार का पीछा कर युवक की जान बचाई। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जो काफी वायरल हो रहा है। इस पूरे घटनाक्रम के वीड‍ियो में कार चालक को बोनट से लटके हुए शख्स को ले जाते हुए द‍ेखा जा सकता है। बताया जाता है क‍ि कार चालक शख्‍स को करीब 3 क‍िमी तक ऐसे ही ले गया।

पुलिस के ओवरटेक करने और उसका रास्ता रोकने के बाद ही आरोपी ने कार रोकी। घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है, जब कार आश्रम चौक से निजामुद्दीन दरगाह की ओर जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, कार बिहार की सांसद वीणा देवी की थी। हालांकि घटना के वक्त सांसद कार में मौजूद नहीं थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "कार के ड्राइवर की पहचान रामचंद्र के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है।" इस घटना से सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश फैल गया है। कई लोग ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


पीड़ित की पहचान कैब चालक चेतन के रूप में हुई है। पीड़ित चेतन ने बताया कि मैं ड्राइवर का काम करता हूं। मैं एक यात्री को छोड़कर लौट रहा था। जब मैं आश्रम के पास पहुंचा, तो एक कार ने मेरी कार को तीन बार टच किया, फिर मैं अपनी कार से बाहर आया और उनकी कार के सामने खड़ा हो गया। इसके बाद वह गाड़ी चलाने लगा।

पीड़ित ने बताया कि कार के बोनट पर मैं लटक गया और वह मुझे आश्रम चौक से निजामुद्दीन तक बोनट पर लटके हुए चलाता रहा। मैं उसे रुकने के लिए कहता रहा, लेकिन वह नहीं रुका। वह व्यक्ति पूरी तरह से नशे में धूत था। उसने कहा कि रास्ते में मैंने एक PCR देखा खड़े होकर, उन्होंने कार रोकने तक हमारा पीछा किया।

वहीं, आरोपी रामचंद कुमार ने कहा कि मेरी कार ने उनकी कार को टच भी नहीं था, मैं गाड़ी चला रहा था जब वह जानबूझकर मेरी कार के बोनट पर कूद गया। मैंने उसे नीचे उतरने के लिए कहा लेकिन उसने नहीं सुना। फिर मैंने अपनी कार रोकी और उससे पूछा कि वह क्या कर रहा है?

ये भी पढ़ें- सरकार ने BChat समेत 14 मैसेंजर एप्स को किया ब्लॉक, पाकिस्तान में अपने आकाओं को 'सीक्रेट मैसेज' भेजते थे आतंकी

दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि इस मामले में सनलाइट कॉलोनी थाने में लापरवाही से वाहन चलाने और जान जोखिम में डालने की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गाड़ी रवींद्र सिंह नाम के शख्स के नाम पर रजिस्टर्ड है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।