दिल्ली में कोरोनावायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस संक्रमण की वजह XE वेरिएंट है या नहीं। सूत्रों के मुताबिक, इस बात की जांच के लिए दिल्ली सरकार पॉजिटिव सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग करवाएगी। इससे यह पता लग जाएगा कि दिल्ली में कोरोनावायरस के किस वेरिएंट की वजह से संक्रमण फैल रहा है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि जीनोम सीक्वेंसिंग का रिजल्ट अगले एक हफ्ते में आ जाएगा।
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में कोरोनावायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सोमवार को संक्रमण के 501 नए मामले सामने आए। जबकि पॉजिटिविटी रेट 7.72% रही। ऐसे में इस बात की आशंका बढ़ गई है कि दिल्ली चौथी लहर का शिकार बन सकता है। हालांकि सोमवार को संक्रमण की वजह से किसी की मौत नहीं हुई थी। इसी के साथ दिल्ली में संक्रमण शुरू से लेकर अब तक संक्रमितों की संख्या 18,69,051 पहुंच गई है। जबकि अब तक 26,160 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस बीच दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की अहम बैठक बुधवार 20 अप्रैल को होने वाली है। इस बैठक की अगुवाई लेफ्टिनेंट गवर्नर (L-G) अनिल बैजल करने वाले हैं। इस बैठक में ही यह फैसला होगा कि स्कूल खोले जाएं या बंद कर दिया जाए।
इस बैठक में अनिल बैजल के अलावा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम और एजुकेशन मिनिस्टर मनीष सिसोदिया, चीफ सेक्रेटरी विजय देव और डिपार्टमेंट के सीनियर अधिकारी शामिल होंगे।