A-One Steels IPO: मेनबोर्ड सेगमेंट में ₹405 करोड़ का एक और इश्यू, रहेंगे ₹355 करोड़ के नए शेयर

A One Steels IPO: कंपनी लंबे और फ्लैट स्टील प्रोडक्ट्स के साथ-साथ स्टील बनाने में इस्तेमाल होने वाले इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स की भी पेशकश करती है। इश्यू के लिए PL कैपिटल मार्केट्स और खंबाटा सिक्योरिटीज बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं

अपडेटेड Sep 13, 2026 पर 9:11 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
A-One Steels IPO के शेयरों की लिस्टिंग NSE और BSE पर 1 अक्टूबर को हो सकती है।

देश के IPO मार्केट में पिछले कुछ वक्त से हलचल काफी तेज है। एक ​के बाद एक बड़ी संख्या में पब्लिक इश्यू लॉन्च हो रहे हैं। मेनबोर्ड सेगमेंट में भी लगातार नए IPO आ रहे हैं। इसी कड़ी में जल्द ही A-One Steels India का नाम भी जुड़ने वाला है। कंपनी ₹405 करोड़ का इश्यू लॉन्च करने जा रही है। यह 24 सितंबर को खुलेगा और 28 सितंबर को बंद होगा। प्राइस बैंड और लॉट साइज तय होना अभी बाकी है। IPO में ₹355 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹50 करोड़ का ऑफर फॉर सेल रहेगा, जिसमें कंपनी के प्रमोटर संदीप कुमार, सुनील जालान और कृष्ण कुमार जालान शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे।

इस IPO में एंकर निवेशक 23 सितंबर को बोली लगा सकेंगे। क्लोजिंग के बाद अलॉटमेंट 29 सितंबर को फाइनल होगा। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग NSE और BSE पर 1 अक्टूबर को हो सकती है। इस इश्यू के लिए PL कैपिटल मार्केट्स और खंबाटा सिक्योरिटीज बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार बिगशेयर सर्विसेज है।

A-One Steels IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। पब्लिक इश्यू में नए शेयरों को जारी कर हासिल हुए पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए ​किया जाएगा।


क्या करती है कंपनी

A-one Steels India Limited एक बैकवर्ड-इंटीग्रेटेड स्टील मैन्युफैक्चरर है। यह लंबे और फ्लैट स्टील प्रोडक्ट्स के साथ-साथ स्टील बनाने में इस्तेमाल होने वाले इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स की भी पेशकश करती है। कंपनी MS बिलेट्स से HR और CR कॉइल बनाती है, जिन्हें बाद में HR पाइप, CR पाइप और गैल्वेनाइज्ड ट्यूब में बदला जाता है। यह लंबे स्टील प्रोडक्ट्स के तौर पर MS बिलेट्स से TMT बार भी बनाती है। कंपनी के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कई इंडस्ट्रीज में होता है, जैसे कंस्ट्रक्शन, इंफ्रास्ट्रक्चर, पावर प्लांट, बांध, एयरपोर्ट, पुल, फ्लाईओवर, स्टेडियम, हाइवे, मरीन स्ट्रक्चर, इंडस्ट्रियल बिल्डिंग और ऊंची रिहायशी इमारतें।

Jindal Supreme IPO: ₹125 करोड़ का इश्यू 16 सितंबर से, ग्रे मार्केट में अभी से भागा शेयर; चेक करें प्राइस बैंड

कंपनी मेट कोक और सिलिकॉन मैंगनीज/फेरोसिलिकॉन जैसे इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट भी बनाती है, जिन्हें खुले बाजार में बेचा जाता है। स्टील इंडस्ट्री में एलॉयिंग (मिश्र धातु बनाने) के लिए फेरोसिलिकॉन बहुत जरूरी है। A-one Steels की 6 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं, जिनमें से 5 कर्नाटक में गौरीबिदानूर, बेल्लारी, कोप्पल, चिक्कंतापुर में हैं। एक यूनिट आंध्र प्रदेश के हिंदूपुर में है।

A-One Steels की वित्तीय सेहत

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का रेवेन्यू 18 प्रतिशत बढ़कर ₹4,202 करोड़ रहा। शुद्ध मुनाफा 1552 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹127.41 करोड़ दर्ज किया गया। इस बीच कंपनी पर ₹1,010.94 करोड़ की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू ₹3,569.63 करोड़ और शुद्ध मुनाफा ₹7.71 करोड़ रहा था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।