AccelerateBS India के IPO को अभी तक मिली 4 गुना अधिक बोली, ग्रे मार्केट में चल रहा 20% प्रीमियम, जानें बाकी डिटेल

AccelerateBS India IPO: डिजिटल टेक्नोलॉजी कंपनी 'एक्सीलीरेटबीएस इंडिया (AccelerateBS India)' का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) 6 जुलाई से खुला हुआ है और इसके लिए बोली लगाने की आखिरी तारीख 11 जुलाई है। शुरुआती दो दिनों में ही कंपनी का इश्यू अभी तक करीब 4 गुना सब्सक्राइब हो चुका है

अपडेटेड Jul 08, 2023 पर 4:02 PM
AccelerateBS India के शेयर 19 जुलाई को बीएसई पर लिस्ट होंगे

AccelerateBS India IPO: डिजिटल टेक्नोलॉजी कंपनी 'एक्सीलीरेटबीएस इंडिया (AccelerateBS India)' का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) 6 जुलाई से खुला हुआ है और इसके लिए बोली लगाने की आखिरी तारीख 11 जुलाई है। शुरुआती दो दिनों में ही कंपनी का इश्यू अभी तक करीब 4 गुना सब्सक्राइब हो चुका है, जो इस IPO को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी को बताता है। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) ने पहले दो दिनों में अपने लिए आरक्षित शेयरों का 3.3 गुना सब्सक्राइब किया है। वहीं रिटेल निवेशकों ने इस इश्यू को अबतक 4.57 गुना सब्सक्राइब किया।

AccelerateBS India ने अपना आईपीओ बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के SME रूट से लॉन्च किया है और इसके शेयर BSE पर लिस्ट होंगे। कंपनी ने अपने IPO के लिए 90 रुपये प्रति शेयर का फिक्स भाव रखा है।

AccelerateBS India GMP Today

'एक्सीलीरेटबीएस इंडिया' के शेयरों की ग्रे मार्केट में भी काफी मांग देखी जा रही है। जानकारों के मुताबिक, ग्रे मार्केट में शनिवार को AccelerateBS India के शेयर करीब 108 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे, जो इसके 90 रुपये के इश्यू प्राइस से करीब 18 रुपये या करीब 20 प्रतिशत अधिक है। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को फिलहाल इस शेयर के करीब 20 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ बीएसई पर लिस्ट होने की उम्मीद है।


हालांकि स्टॉक मार्केट के जानकारों का यह भी कहना है कि किसी भी IPO के बारे में एक ठोस रॉय बनाने के लिए निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम को नहीं देखना चाहिए। असलियत में कंपनी की वित्तीय सेहत ही उसकी सही तस्वीर बताती है।

यह भी पढ़ें- Ideaforge Shares: 2021 के बाद पहली बार ऐसी धमाकेदार लिस्टिंग, पहले ही दिन 93% चढ़ा शेयर, बना रिकॉर्ड

रिटेल निवेशक को करने होंगे 1.44 लाख का निवेश

AccelerateBS इंडिया के आईपीओ के लिए लॉट के हिसाब से बोली लगाई जा सकती है। रिटेल निवेशक अधिकतम और न्यूनतम सिर्फ एक लॉट की बोली लगा सकते हैं। एक लॉट में कंपनी के 1,600 शेयर होंगे। इस तरह एक लॉट की बोली लगान के लिए रिटेल निवेशकों को करीब 1.44 लाख रुपये का निवेश करना होगा।

19 जुलाई को लिस्ट होंगे शेयर

11 जुलाई को बोली खत्म होने के बाद कंपनी 14 जुलाई को अपने शेयरों का अलॉटमेंट कर सकती है। जिन निवेशकों को अलॉटमेंट में शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे 17 जुलाई तक रिफंड कर दिए जाएंगे। वहीं सफल निवेशकों के डीमैट खाते में 18 जुलाई तक शेयर क्रेडिट होंगे। कंपनी के शेयर 19 जुलाई को बीएसई पर लिस्ट होंगे।

कंपनी की वित्तीय सेहत

वित्त वर्ष 2022 में AccelerateBS इंडिया का शुद्ध मुनाफा 26 लाख रुपये रहा था, जबकि इसका रेवेन्यू 3.56 करोड़ रुपये था। वहीं इसके पिछले वित्त वर्ष, यानी वित्त वर्ष 2021 में कंपनी ने 43 रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था, जबकि इसका रेवेन्यू 4.52 करोड़ रुपये रहा था।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि IPO में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।