Advit Jewels IPO: खुल गया ज्वेलरी कंपनी का आईपीओ, GMP 46% के पार; पैसे लगाने से पहले जानिए जोखिम
Advit Jewels IPO: ज्वेलरी कंपनी Advit Jewels का IPO निवेशकों के लिए खुल गया है। ग्रे मार्केट में शेयर 46% प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है। लेकिन क्या सिर्फ GMP देखकर निवेश करना सही होगा? पैसे लगाने से पहले कंपनी की योजनाएं और जोखिम समझ लें।
Advit Jewels IPO से मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा अपने कारोबार को मजबूत करने और कर्ज कम करने में लगाएगी।
Advit Jewels IPO: ज्वेलरी कंपनी Advit Jewels का IPO 23 जून से निवेशकों के लिए खुल गया है। कंपनी इस इश्यू के जरिए ₹165.16 करोड़ जुटाना चाहती है। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है, यानी कंपनी नए शेयर जारी करके पैसा जुटाएगी। IPO में कुल 1.20 करोड़ इक्विटी शेयर ऑफर किए गए हैं। निवेशक इसमें 25 जून तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने IPO का प्राइस बैंड ₹130 से ₹138 प्रति शेयर तय किया है।
ग्रे मार्केट में शेयरों की जबरदस्त मांग
IPO खुलने से पहले ही Advit Jewels के शेयर ग्रे मार्केट में चर्चा में हैं। कंपनी का शेयर फिलहाल 46% यानी ₹64 के प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है। अगर यह प्रीमियम लिस्टिंग तक बना रहता है, तो शेयर करीब ₹202 के आसपास लिस्ट हो सकता है। इस हिसाब से एक लॉट पाने वाले निवेशक को करीब ₹6,400 का संभावित फायदा हो सकता है।
हालांकि, निवेशकों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि ग्रे मार्केट कोई आधिकारिक बाजार नहीं है। GMP सिर्फ निवेशकों के उत्साह का संकेत देता है। लिस्टिंग के समय शेयर की वास्तविक कीमत इससे काफी अलग भी हो सकती है।
शेयर अलॉटमेंट और लिस्टिंग कब होगी?
Advit Jewels के शेयरों का अलॉटमेंट 29 जून को फाइनल होने की संभावना है। जिन निवेशकों को शेयर मिलेंगे, उनके डीमैट अकाउंट में 30 जून को शेयर क्रेडिट हो जाएंगे। इसी दिन रिफंड की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
अगर सब कुछ तय योजना के हिसाब से रहा, तो Advit Jewels के शेयर 1 जुलाई को NSE और BSE पर लिस्ट हो सकते हैं।
IPO में निवेश के लिए कितना पैसा चाहिए?
रिटेल निवेशकों को कम से कम एक लॉट के लिए आवेदन करना होगा। एक लॉट में 100 शेयर शामिल हैं। ऊपरी प्राइस बैंड ₹138 के हिसाब से एक लॉट के लिए निवेशकों को ₹13,800 लगाने होंगे।
वहीं, स्मॉल NII निवेशकों के लिए न्यूनतम आवेदन 15 लॉट यानी 1,500 शेयर का है। दूसरी तरफ, बड़े NII निवेशकों को कम से कम 73 लॉट के लिए आवेदन करना होगा।
IPO से जुटाए गए पैसे का क्या करेगी कंपनी?
Advit Jewels IPO से मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा अपने कारोबार को मजबूत करने और कर्ज कम करने में लगाएगी।
रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के मुताबिक, कंपनी करीब ₹65 करोड़ का इस्तेमाल कच्चा माल खरीदने, वर्क-इन-प्रोग्रेस, तैयार माल और ट्रेड रिसीवेबल्स जैसी वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने में करेगी।
इसके अलावा, कंपनी ₹65 करोड़ का इस्तेमाल अपने कर्ज को चुकाने में करेगी। 22 मई 2026 तक कंपनी पर कुल ₹75.12 करोड़ का बकाया कर्ज था। बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।
निवेश से पहले इन जोखिमों को समझना जरूरी
हर IPO की तरह Advit Jewels के इश्यू में भी कुछ जोखिम हैं, जिन पर निवेशकों को ध्यान देना चाहिए। कंपनी का कारोबार काफी हद तक सोना और हीरे जैसी कीमती धातुओं पर निर्भर है। इनकी कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव कंपनी के मार्जिन और मुनाफे को प्रभावित कर सकता है।
इसके अलावा, कंपनी का कारोबार मुख्य रूप से जयपुर में केंद्रित है। ऐसे में किसी क्षेत्रीय समस्या या व्यवधान का असर सीधे बिजनेस पर पड़ सकता है।
कंपनी को इन्वेंट्री मैनेजमेंट, कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की ऊंची दर, सीमित सप्लायर्स-खरीदारों पर निर्भरता और ज्वेलरी कारोबार में मौसमी मांग जैसे जोखिमों का भी सामना करना पड़ सकता है।
यही वजह है कि सिर्फ GMP देखकर फैसला लेने की बजाय निवेशकों को कंपनी के बिजनेस मॉडल, वित्तीय स्थिति और जोखिमों को भी अच्छी तरह समझ लेना चाहिए।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।