Aasaan Loans IPO: NBFC एक्मे फिनट्रेड इंडिया का IPO 19 जून को खुला और 21 जून को क्लोज हो गया। इस बीच यह 54.49 गुना सब्सक्राइब हुआ। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 28.12 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 129.98 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 44.58 गुना सब्सक्राइब हुआ। अब कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 26 जून को होगी।
इस IPO को Aasaan Loans IPO भी कहा जा रहा है। IPO से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से लगभग 38 करोड़ रुपये जुटाए। IPO के लिए प्राइस बैंड 114 से 120 रुपये प्रति शेयर तय किया गया और लॉट साइज 125 शेयर रखा गया। शेयरों का अलॉटमेंट 24 जून को फाइनल हो सकता है।
ग्रे मार्केट में क्या चल रहा शेयर का भाव
investorgain.com के मुताबिक, Akme Fintrade India के शेयर ग्रे मार्केट में IPO के अपर प्राइस बैंड 120 रुपये से 30 रुपये या 25 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस बेसिस पर शेयरों की लिस्टिंग 150 रुपये के भाव पर हो सकती है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर, स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
1996 में शुरू हुई एक्मे फिनट्रेड इंडिया, मुख्य रूप से भारत के ग्रामीण और अर्ध शहरी इलाकों के लोगों को ऋण समाधान उपलब्ध कराती है। इसके पोर्टफोलियो में छोटे बिजनेस मालिकों के लिए व्हीकल फाइनेंस और बिजनेस फाइनेंस प्रोडक्ट शामिल हैं। यह राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात के ग्रामीण और अर्ध शहरी इलाकों में ऑपरेशनल है। कंपनी के प्रमोटर निर्मल कुमार जैन, मंजू देवी जैन, दीपेश जैन और निर्मल कुमार जैन HUF हैं।
वित्त वर्ष 2023 में Akme Fintrade India का रेवेन्यू 3.06 प्रतिशत बढ़कर 69.57 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान शुद्ध मुनाफा 283.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 15.80 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। अप्रैल-दिसंबर 2023 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 53.45 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 12.25 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।