अमागी मीडिया लैब्स ने अपने IPO के लिए प्राइस बैंड तय कर दिया है। यह ₹343 से ₹361 प्रति शेयर है। ₹1,788.62 करोड़ का पब्लिक इश्यू 13 जनवरी को खुलने वाला है। एंकर निवेशक 12 जनवरी को बोली लगा सकते हैं। यह इश्यू 16 जनवरी को बंद होगा। इसके बाद शेयरों का अलॉटमेंट 19 जनवरी को फाइनल होगा और लिस्टिंग 21 जनवरी को BSE NSE पर होगी।
अमागी मीडिया लैब्स को क्लाउड-बेस्ड ब्रॉडकास्ट और कनेक्टेड टीवी टेक्नोलॉजी में ग्लोबल लीडर माना जाता है। इसकी शुरुआत 2008 में हुई थी और हेडक्वार्टर बेंगलुरु में है। अमागी ट्रेडिशनल टीवी और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट बनाने, डिस्ट्रीब्यूशन और मोनेटाइजेशन के लिए एंड-टू-एंड समाधान प्रदान करती है।
अमागी मीडिया के IPO में ₹816 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹972.62 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) कंपोनेंट भी होगा। OFS के तहत शेयर बेचने वालों में PI अपॉर्चुनिटीज फंड-I, नॉरवेस्ट वेंचर पार्टनर्स X, एक्सेल ग्रोथ VI होल्डिंग्स (मॉरीशस) लिमिटेड, आदि शामिल हैं। अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का इरादा इश्यू के बाद ₹7,809.84 करोड़ का मार्केट कैपिटलाइजेशन हासिल करना है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
कंपनी इस पब्लिक इश्यू में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल अज्ञात अधिग्रहण और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। इश्यू का 75% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए और 15% हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। बाकी 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है।
अमागी मीडिया लैब्स का वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू 30% बढ़कर ₹1,223.31 करोड़ हो गया। एक साल पहले यह ₹942.24 करोड़ था। 31 मार्च, 2025 तक कंपनी के दुनिया भर में 884 फुल-टाइम कर्मचारी थे। इनमें से 652 बेंगलुरु, अमेरिका, क्रोएशिया और पोलैंड के हब्स में टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग में काम करते थे। इसके अलावा 181 कर्मचारी कस्टमर-फेसिंग रोल में थे। कोटक महिंद्रा कैपिटल, सिटीग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, IIFL कैपिटल, एवेंडस कैपिटल Amagi Media Labs के IPO के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। MUFG इनटाइम इंडिया इस इश्यू के लिए रजिस्ट्रार है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।