बिस्किट बनाने वाली कंपनी अनमोल इंडस्ट्रीज ने एक बार फिर IPO के लिए कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट जमा किया है। इस बार कंपनी 1800 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इससे पहले कंपनी ने साल 2018 में लिस्ट होने का प्लान बनाया था और ड्राफ्ट जमा किया था। उस वक्त IPO का साइज 750 करोड़ रुपये रखा था। कंपनी को सेबी से IPO के लिए मंजूरी भी मिल गई थी। लेकिन फिर कंपनी ने प्लान को आगे नहीं बढ़ाया।
नए ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, अनमोल इंडस्ट्रीज का IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। कोई नया शेयर जारी नहीं होगा। लिहाजा कंपनी को कोई रकम नहीं मिलेगा। शेयर बिक्री से मिला पैसा शेयर बेचने वाले के पास जाएगा। OFS में बैजनाथ चौधरी एंड फैमिली ट्रस्ट शेयरों को बिक्री के लिए रखेगी। यह ट्रस्ट कंपनी में सबसे बड़ी इनवेस्टर है। इसके पास लगभग 84 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
एक्सपोर्ट भी करती है Anmol Industries
रॉयटर्स के मुताबिक, कोलकाता की अनमोल इंडस्ट्रीज की शुरुआत 1994 में हुई थी। इसके प्रोडक्ट्स में बिस्किट, कुकीज, केक, रस्क, वेफर, क्रीम रोल शामिल हैं। कंपनी 70 ब्रांड्स के जरिए बिक्री करती है। यह 31 देशों में एक्सपोर्ट भी करती है। कंपनी का दावा है कि यह देश का चौथा सबसे बड़ा बिस्किट ब्रांड है। वहीं केक के मामले में छठा सबसे बड़ा ब्रांड है। अनमोल के लिस्टेड कॉम्पिटीटर्स में ब्रिटानिया, ITC, मिसेज बेक्टर्स फूड स्पेशिएलिटीज जैसे नाम शामिल हैं।
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अनमोल इंडस्ट्रीज का शुद्ध मुनाफा 5 गुना बढ़कर 1.91 अरब रुपये हो गया। रेवेन्यू 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ लगभग 21 अरब रुपये रहा। कंपनी के IPO को इंटेंसिव फिस्कल सर्विसेज, ICICI सिक्योरिटीज और IIFL कैपिटल सर्विसेज मैनेज कर रहे हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।