Ather Energy के IPO का फिर घटेगा साइज! पोस्ट मनी वैल्यूएशन का टारगेट कम करके किया ₹12800 करोड़

Ather Energy IPO: यह कंपनी की ओर से अपने IPO से पहले वैल्यूएशन में कटौती का दूसरा वाकया है। कंपनी ने पहले ₹17,000 करोड़ और ₹20,000 करोड़ के बीच वैल्यूएशन का टारगेट रखा था। उसके बाद यह ₹14,000 करोड़ की वैल्यूएशन को टारगेट कर रही थी

अपडेटेड Apr 09, 2025 पर 3:08 PM
इश्यू के साइज को अस्थिर बाजार स्थितियों और निवेशकों की सुस्त भावना के कारण कम किया गया है।

Ather Energy IPO: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मेकर एथर एनर्जी के IPO का साइज एक बार फिर कम हो सकता है। सूत्रों ने सीएनबीसी-टीवी18 को बताया कि कंपनी अब लगभग ₹12,800 करोड़ की पोस्ट-मनी वैल्यूएशन को टारगेट कर रही है। इसके चलते IPO का साइज भी ₹3500-3700 करोड़ (40 करोड़ डॉलर) तक के पहले के टारगेट से कम होकर ₹2900-3200 करोड़ तक होने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि इस इश्यू के साइज को अस्थिर बाजार स्थितियों और निवेशकों की सुस्त भावना के कारण कम किया गया है।

यह कंपनी की ओर से अपने आईपीओ से पहले वैल्यूएशन में कटौती का दूसरा वाकया है। कंपनी ने पहले ₹17,000 करोड़ और ₹20,000 करोड़ के बीच वैल्यूएशन का टारगेट रखा था। उसके बाद यह ₹14,000 करोड़ की वैल्यूएशन को टारगेट कर रही थी।

IPO में नए शेयरों के साथ-साथ OFS भी


एथर एनर्जी के आईपीओ में नए शेयरों के साथ-साथ ऑफर-फॉर-सेल (OFS) भी रहेगा। OFS में प्रमोटर और कंपनी के चुनिंदा शुरुआती निवेशक अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेच सकते हैं। एथर एनर्जी में 37% से अधिक की हिस्सेदारी रखने वाली हीरो मोटोकॉर्प के इस IPO में कोई शेयर बेचने की उम्मीद नहीं है।

SEBI ने 4 कंपनियों के IPO को दी मंजूरी, जानिए किसका क्या है प्लान

दिसंबर 2024 में मिली थी सेबी की मंजूरी

एथर के IPO की योजना को दिसंबर 2024 के आखिरी सप्ताह में कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI की मंजूरी मिली थी। कंपनी की नजर पहले इस साल की शुरुआत में शेयर बाजारों में लिस्ट होने पर थी। लेकिन बाद में IPO में देरी के चलते मार्च के आखिर तक लिस्ट होने की बात सामने आई। लेकिन अब सूत्रों का कहना है कि कंपनी की लिस्टिंग में और एक महीने की देरी हो सकती है। एथर एनर्जी भारत में लिस्ट होने वाली दूसरी शुद्ध भारतीय ईवी मेकर होगी।

अगस्त 2024 में अपने अंतिम फंडरेज में एथर एनर्जी ने 600 करोड़ रुपये जुटाए थे। उस दौरान फ्लिपकार्ट के फाउंडर सचिन बंसल ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेची थी। इस हिस्सेदारी का एक हिस्सा जीरोधा के को-फाउंडर निखिल कामत ने अपनी पर्सनल कैपेसिटी में खरीदा था। इस राउंड के बाद, एथर एनर्जी की वैल्यूएशन 10,000 करोड़ रुपये से थोड़ी ज्यादा आंकी गई थी। इसने कंपनी को यूनिकॉर्न का दर्जा दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।