Avanse Financial Services IPO: मुंबई की कंपनी एवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज अपना IPO लाना चाहती है। कंपनी ने 3500 करोड़ रुपये जुटाने के लिए सेबी को IPO का ड्राफ्ट जमा कर दिया है। एवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज में ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म वारबर्ग पिंकस का मेजॉरिटी स्टेक है। इसके अलावा कंपनी में केदारा कैपिटल, अबू धाबी की सॉवरेन इनवेस्टर मुबाडाला इनवेस्टमेंट कंपनी, वर्ल्ड बैंक की शाखा इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (IFC), एवेंडस PE इनवेस्टमेंट एडवायजर्स का भी पैसा लगा हुआ है।
Avanse Financial Services एक एजुकेशन फोकस्ड NBFC है, जो हर योग्य भारतीय छात्र को हाइपर-पर्सनलाइज्ड एजुकेशन फाइनेंसिंग समाधान उपलब्ध कराती है। इसके अलावा कंपनी भारत में शैक्षणिक संस्थानों की वृद्धि और वर्किंग कैपिटल जरूरतों को भी पूरा करती है। अगर एवांसे का IPO आ जाता है तो यह भारत में पहली लिस्टेड एजुकेशन फोकस्ड NBFC होगी।
1000 करोड़ रुपये के नए शेयर होंगे जारी
कंपनी की ओर से फाइल किए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, IPO में 1,000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही वारबर्ग पिंकस, केदारा कैपिटल और IFC की ओर से 2,500 करोड़ रुपये का OFS (ऑफर फॉर सेल) रहेगा। IPO में नए शेयरों को जारी करने से होने वाली आय का इस्तेमाल एवांसे अपने कैपिटल बेस को बढ़ाने में करेगी ताकि भविष्य की पूंजी जरूरतों को पूरा किया जा सके। Avanse Financial Services IPO के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल, नोमुरा, जेपी मॉर्गन, एवेंडस कैपिटल, नुवामा और SBI कैपिटल, इनवेस्टमेंट बैंक हैं।
मार्च में जुटाए थे ₹1000 करोड़
मार्च 2024 में कंपनी ने विभिन्न निवेशकों से 1000 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई थी। इस फंडिंग राउंड में सबसे बड़ा निवेश मुबाडाला इनवेस्टमेंट कंपनी ने किया। मार्च 2019 में वारबर्ग पिंकस ने एवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज में 80 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए समझौते किए। IFC 2013 में ही कंपनी में शेयरहोल्डर बन गई थी। जनवरी 2023 में केदारा कैपिटल ने फर्म में 800 करोड़ रुपये डाले।
Avanse Financial Services की वित्तीय स्थिति
31 मार्च 2024 तक एवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज, एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) के मामले में भारत में दूसरी सबसे बड़ी एजुकेशन फोकस्ड NBFC थी। फर्म का एयूएम 31 मार्च 2022 तक 48,35.6 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर 31 मार्च, 2023 तक 8646 करोड़ रुपये और 31 मार्च, 2024 तक 13,303 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी की कुल आय बढ़कर 1,729 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2023 में 990 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2022 में 508.5 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2024 में एवांसे फाइनेंशियल सर्विसेज का शुद्ध लाभ 342.4 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2023 में यह 158 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2022 में यह 63.2 करोड़ रुपये था।