योग गुरु बाबा रामदेव (Baba Ramdev) कल 16 सितंबर 2022 को पतंजलि ग्रुप (Patanjali Group) की 5 कंपनियों के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) की योजना का ऐलान करेंगे। पतंजलि ग्रुप ने मीडिया को को भेजे एक आमंत्रण में कहा, "हमें आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि स्वामी रामदेव जी महाराज 16 सितंबर 2022 को नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे।"
कंपनी ने कहा प्रेस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य, "अफवाह फैलाने वालों की साजिशों और प्रयासों को उजागर करना है, जो पतंजलि और उसके स्वदेशी आंदोलन को मजबूत और स्वस्थ भारत की दिशा में बदनाम करने के निहित उद्देश्य से झूठे तथ्य और आंकड़े फैलाते हैं।"
बयान में कहा गया है, "योग गुरु पतंजलि समूह के विजन और मिशन 2027 की रूपरेखा तैयार करेंगे। साथ ही आत्मानिर्भर भारत को एक वास्तविकता बनाने के मिशन की दिशा में अगले 5 सालों के लिए 5 प्रमुख प्राथमिकताओं और लक्ष्यों को बताएंगे।"
इसके अलावा रामदेव पतंजलि ग्रुप की पांच कंपनियों के अगले 5 सालों में आने वाले 5 नए IPO के बारे में जानकारी देंगे। रामदेव की प्रेस कांफ्रेंस नई दिल्ली में होगी।
फिलहाल पतंजलि फूड्स इस ग्रुप की इकलौती कंपनी है जो शेयर बाजार में सूचीबद्ध है। हालांकि, इस कंपनी का आईपीओ रामदेव की अगुआई में नहीं आया था। पतंजलि फूड्स को पहले रुचि सोया के नाम से जाना जाता था और यह शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी थी। पतंजलि आयुर्वेद ने साल 2019 में एक दिवालिया प्रक्रिया के जरिए इस कंपनी 4,350 करोड़ रुपये में खरीद लिया और हाल ही में इसका नाम बदलकर पतंजलि फूड्स किया है।
ये कंपनियां हो सकती हैं लिस्ट
बता दें कि रामदेव ने इससे पहले जी बिजनेस के साथ एक इंटरव्यू में कहा था कि पतंजलि आयुर्वेद, पतंजलि वेलनेस और पतंजलि मेडिसिन, और पतंजलि लाइफस्टाइल अगले 5 सालों के दौरान स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट होंगी।