Basilic Fly Studio IPO: फिल्मों में विजुअल इफेक्ट्स (VFX) से जुड़ी सेवाएं देने वाली कंपनी बेसिलिक फ्लाइ स्टूडियो का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) अभी तक 26.08 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी का आईपीओ 1 सितंबर को बोली के लिए खुला था। एक्सचेजों पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, बेसिलिक फ्लाइ स्टूडियो ने अपने आईपीओ के तहत 50.96 लाख शेयरों को बिक्री के लिए रखा है, जिसके बदले में अभी तक उसे 13.29 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली है।
रिटेल निवेशकों ने अपने आवंटित कोटे से 49 गुना अधिक शेयर खरीदे हैं। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) ने अपने आरक्षित शेयरों का करीब 28.5 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने उनके लिए तय शेयरों से 7.18 गुना अधिक बोली लगाई।
कंपनी ने अपने आईपीओ का आधा हिस्सा QIB के लिए, 15 प्रतिशत NII के लिए और बाकी 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रखा है।
Basilic Fly Studio ने आईपीओ के लिए 92 से 97 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी अपने आईपीओ से करीब 66.35 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसमें से 60.53 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर बालाकृष्णन और योगालक्ष्मी एस की ओर से 5.82 करोड़ रुपये के शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) शामिल है।
बेसिलिक फ्लाई स्टूडियो ने पहले ही 31 अगस्त को सेंट कैपिटल फंड और सिल्वर स्टैलियन सहित चार एंकर निवेशकों को 17,43,600 शेयर जारी करके 16.91 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
चेन्नई मुख्यालय वाली बेसिलिक फ्लाई स्टूडियो, अपनी सहायक कंपनियों के जरिए कनाडा और यूके में भी काम करती है। कंपनी ने बताया कि वह आईपीओ से मिली रकम से हैदराबाद और सलेम में नए स्टूडियो खोलेगी। वहीं चेन्नई और पुणे में मौजूदा स्टूडियों में और सुविधाएं जोड़ेगी।
लंदन में ऑफिस के लिए जगह तलाशने और वैंकूवर में सुविधाओं को मजबूत करने में भी आईपीओ से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल किया जाएगा। बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।