Beacon Trusteeship IPO: दिग्गज डिबेंचर ट्रस्टी बीकन ट्रस्टीशिप लिमिटेड का IPO 28 मई से खुलने जा रहा है। कंपनी का इरादा 32.52 करोड़ रुपये जुटाने का है। इश्यू के लिए प्राइस बैंड 57-60 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 2000 शेयर तय किया गया है। IPO में पैसे लगाने के लिए 30 मई तक का वक्त रहेगा। एंकर निवेशक 27 मई को बोली लगा पाएंगे। शेयरों की लिस्टिंग NSE SME पर 4 जून को हो सकती है। बीलाइन कैपिटल एडवायजर्स प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर है। Kfin Technologies Limited रजिस्ट्रार है।
Beacon Trusteeship IPO में 23.23 करोड़ रुपये के 38.72 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही 9.29 करोड़ रुपये के 15.48 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS में शेयर बिक्री करने वालों में Prasana Analytics Private Limited और कौस्तुभ किरन कुलकर्णी शामिल हैं।
Beacon Trusteeship IPO का रिजर्व हिस्सा
इश्यू में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। 2015 में शुरू हुई Beacon Trusteeship डिबेंचर ट्रस्टी सर्विसेज, सिक्योरिटी ट्रस्टी सर्विसेज, ट्रस्टी टू अल्टरनेट इनवेस्टमेंट फंड, ट्रस्टी टू ESOP, सिक्योरिटाइजेशन ट्रस्टी, बॉन्ड ट्रस्टीशिप सर्विसेज, एस्क्रो सर्विसेज, सेफकीपिंग जैसे विभिनन क्षेत्रों में ट्रस्टी सर्विसेज और अन्य संबंधित सर्विसेज उपलब्ध कराती है।
IPO के पैसे का कैसे होगा इस्तेमाल
IPO में नए शेयरों को जारी करके हासिल होने वाली राशि में से 7 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी मौजूदा कारोबार के लिए टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर करेगी। डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट, रजिस्ट्रार और शेयर ट्रांसफर एजेंट की सेवाएं शुरू करने के लिए कंपनी की शाखा बीकन इनवेस्टर होल्डिंग्स में निवेश करने के लिए 6.99 करोड़ रुपये और मुंबई के बोरीवली में नया कार्यालय परिसर खरीदने के लिए 3.25 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा धनराशि के एक हिस्से का इस्तेमाल सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
Beacon Trusteeship की वित्तीय स्थिति
वित्तीय स्थिति की बात करें तो वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी ने 19.92 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया था। इस दौरान शुद्ध मुनाफा 5.16 करोड़ रुपये रहा था। वित्त वर्ष 2022-23 में रेवेन्यू 14.81 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 3.84 करोड़ रुपये रहा था। investorgain.com के मुताबिक, इश्यू खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर अपर प्राइस बैंड 60 रुपये से 10 रुपये या 16.67 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं।