Bikaji Foods IPO: कंपनी ने 285-300 रुपये तय किया प्राइस बैंड, 3 नवंबर को खुल रहा है IPO, जानें बाकी डिटेल

Bikaji Foods IPO: कंपनी का 881 करोड़ रुपये का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) गुरुवार 3 नवंबर को खुलेगा और यह 7 नवंबर को बंद होगा

अपडेटेड Oct 31, 2022 पर 3:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Bikaji Foods का IPO पूरी तरफ से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है

Bikaji Foods IPO: नमकीन और मिठाई बनाने वाली कंपनी बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड ने सोमवार को बताया कि उसने अपने IPO के लिए 285-300 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी का 881 करोड़ रुपये का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) गुरुवार 3 नवंबर को खुलेगा और यह 7 नवंबर को बंद होगा। Bikaji Foods का इश्यू उन 6 आईपीओ में से एक है, जो नवंबर महीने में लॉन्च होने वाला है।

पूरी तरफ से ऑफर-फॉर-सेल Bikaji Foods का IPO

यह IPO पूरी तरफ से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है। यानी इस आईपीओ के तहत कंपनी कोई नए शेयर नहीं जारी करेगी, बल्कि सभी शेयरों को उसके प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों की तरफ से बिक्री के लिए रखा जाएगा। IPO के तहत कुल 2.94 करोड़ इक्विटी शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे। ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से IPO का साइज 881.22 करोड़ रुपये आएगा।

ये प्रमोटर और निवेशक बेचेंगे अपनी हिस्सेदारी


ऑफर-फॉर-सेल (OFS) में कंपनी के प्रमोटर शिव रतन अग्रवाल और दीपक अग्रवाल 25-25 लाख शेयर बेचेंगे। वहीं बाकी के 2.43 करोड़ शेयरों को मौजूदा निवेशकों की तरफ से बिक्री के लिए रखा जाएगा। इन निवेशकों में इंडिया 2020 महाराजा, IIFL स्पेशल ऑपर्च्युनिटीज फंड, IIFL स्पेशल अपॉर्चुनिटीज फंड-सीरीज 2, IIFL स्पेशल अपॉर्चुनिटीज फंड-सीरीज 3, IIFL स्पेशल अपॉर्चुनिटीज फंड-सीरीज 4, IIFL स्पेशल अपॉर्चुनिटीज फंड-सीरीज 5 और एवेंडस फ्यूचर लीडर्स फंड I शामिल है।

यह भी पढ़ें- DCX Systems का आज से खुला 500 करोड़ का IPO, जानें क्या आपको करना चाहिए इसमें निवेश?

बीकाजी फूड्स के आईपीओ में न्यूनतम इतना करना होगा निवेश

Bikaji Foods के IPO के लिए निवेशक कम से कम 50 शेयरों की बोली लगानी होगी। इस तरह एक रिटेल निवेशक को न्यूनतम 15,000 रुपये (50 शेयर x 300 रुपये) निवेश करने होंगे। वहीं अधिकतम वह 13 लॉट के लिए 1.95 लाख रुपये निवेश कर सकते हैं।

कंपनी के बारे में

बीकाजी ब्रांड को साल 1993 में लॉन्च किया गया था। धीरे-धीरे पूरे भारत में इसने अपना विस्तार किया है। जून 2022 तक कंपनी की 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में उपस्थिति हो चुकी है। इसके अलावा यह 21 देशों में अपने प्रोडक्ट का निर्यात भी करती है। इनमें नार्थ अमेरिका, खाड़ी देश, अफ्रीका और एशिया प्रशांत के देश शामिल है। कंपनी की कुल बिक्री में उसके इंटरनेशनल बिजनेस का हिस्सा 3.20 प्रतिशत था।

Bikaji Foods की वित्तीय सेहत

वित्त वर्ष 2022 में बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल का रेवेन्यू 23 फीसदी बढ़कर 1,611 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी के फूड प्रोडेक्ट्स की बिक्री में बढ़ोतरी और मार्जिन में सुधार देखा गया है। हालांकि इस दौरान कंपनी का मुनाफा घटकर 76.03 करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले वित्त वर्ष में 90.3 करोड़ रुपये था।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।