CMR Green Technologies IPO: सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के आईपीओ को इनवेस्टर्स का जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला है। बोली लगाने के अंतिम दिन यह आईपीओ 97 गुना सब्सक्राइब हो गया। शेयर बाजार में कमजोर सेंटीमेंट के बावजूद इस इश्यू में निवेशकों ने काफी ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है।
निवेशकों की हर कैटेगरी में जबर्दस्त रिस्पॉन्स
CMR Green Technologies का आईपीओ 631 करोड़ रुपये का है। कंपनी इश्यू में 2.3 करोड़ शेयर जारी करने वाली है। इसके मुकाबले, 5 जून को 3 बजे तक निवेशकों की तरफ से 223 करोड़ शेयरों की बोली लगाई गई। करीब हर कैटेगरी में इस इश्यू को जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स कैटेगरी में यह इश्यू 160 गुना सब्सक्राइब हुआ।
खुलने के पहले दिन ही हो गया था पूरा सब्सक्राइब
रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व शेयरों का कोटा करीब 23 गुना सब्सक्राइब हुआ। क्वालिफायड इंस्टीट्यूशनल बायर्स सेगमेंट में यह इश्यू 180 गुना सब्सक्राइब हुआ। यह आईपीओ ओपन होने के पहले दिन ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। कंपनी ने एंकर इनवेस्टर्स से 188.4 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने आईपीओ में प्रति शेयर 182-192 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था।
ग्रे मार्केट में चल रहा शेयर पर शानदार प्रीमियम
ग्रे मार्केट में इस शेयर पर अच्छा प्रीमियम चल रहा है। ग्रे मार्केट की एक्टिविटीज ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म्स के मुताबिक, सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज के शेयरों पर करीब 36 फीसदी ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) चल रहा था। इनवेस्टरगेन ने प्रति शेयर 70 रुपये के प्रीमियम की जानकारी दी है। इसका मतलब है कि यह शेयर स्टॉक मार्केट्स में 36 फीसदी से ज्यादा प्रीमियम के साथ लिस्ट हो सकता है। आईपीओ वॉच ने भी इतने ही प्रीमियम की जानकारी दी है।
शेयरों की लिस्टिंग शेयर बाजार में 10 जून को
सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज फरीदाबाद की कंपनी है। यह एल्युमीनियम एलॉय (इंगट और लिक्विड), जिंक एलॉय और स्टेनलेस स्टील, कॉपर, ब्रास आदि के फर्नेश रेडी स्क्रैप बनाती है। इसके देश में 13 रिसाइक्लिंग प्लांट्स हैं। इसने बड़ा प्रोक्योरमेंट नेटवर्क बनाया है, जिसमें भारत के अलावा एशिया, यूरोप, अमेरिका, अफ्रीका और मिडिलईस्ट के देश शामिल हैं। इसके कस्टमर बेस में ऑरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEM) और टीयर-1 सप्लायर्स शामिल हैं। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग स्टॉक एक्सचेंजों में 10 जून को होगी।
शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में गिरावट
5 जून को शेयर बाजार में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह में बाजार के प्रमुख सूचकांक मजबूत खुले। लेकिन, आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी आने के बाद बाजार पर दबाव बढ़ गया। फिर, दोनों सूचकांक लाल निशान में आ गए। कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 0.16 फीसदी यानी 116 अंक गिरकर 74,243 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 0.21 फीसदी यानी 49.85 अंक की कमजोरी के साथ 23,366 पर क्लोज हुआ।