Concord Biotech का अगस्त में आ सकता है 1 अरब डॉलर का IPO, कभी राकेश झुनझुनवाला ने खरीदी थी 24% हिस्सेदारी

Concord Biotech IPO: देश की प्रमुख बायोटेक फर्मों में से एक कॉनकॉर्ड बायोटेक (Concord Biotech) का जल्द ही इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आ सकता है। सूत्रों की मानें तो कंपनी अगस्त के शुरुआती हफ्ते में ही इस आईपीओ को लॉन्च कर सकती है। इस कंपनी में दिवंगत दिग्गज निवेशक Rakesh Jhunjhunwala की फर्म रेयर एंटरप्राइजेज ने पैसा लगाया हुआ है

अपडेटेड Jul 26, 2023 पर 10:04 PM
oncord Biotech 95 करोड़ से 1 अरब डॉलर के वैल्यूशएन पर आईपीओ ला सकती है

Concord Biotech IPO: देश की प्रमुख बायोटेक फर्मों में से एक कॉनकॉर्ड बायोटेक (Concord Biotech) का जल्द ही इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आ सकता है। सूत्रों की मानें तो कंपनी अगस्त के शुरुआती हफ्ते में ही इस आईपीओ को लॉन्च कर सकती है। अहमदाबाद मुख्यालय वाली इस कंपनी में दिवंगत दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) की फर्म रेयर एंटरप्राइजेज ने पैसा लगाया हुआ है। प्राइवेट इक्विटी फर्म क्वाड्रिया कैपिटल (Quadria Capital) ने भी इस फर्म में निवेश किया हुआ है।

कॉनकॉर्ड बायोटेक के आईपीओ प्लान से वाकिफ एक सूत्र ने मनीकंट्रोल को बताया, "कंपनी ने कुछ दिनों पहले ही मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास एक अपडेटेड ड्राफ्ट पेपर जमा कराया है। यह आईपीओ अगले महीने अगस्त में पहले या दूसरे हफ्ते में लॉन्च हो सकता है। कंपनी इसके 95 करोड़ से 1 अरब डॉलर के वैल्यूशएन पर लॉन्च करने की तैयारी में है।"

दो और सूत्रों ने भी इस जानकारी की पुष्टि की है। वहीं एक चौथे व्यक्ति ने बताया कि कंपनी का IPO साइज 1,500 से 1,600 करोड़ रुपये का हो सकता है और यह पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) होगा। इन चारों व्यक्तियों ने नाम न छापने की शर्त पर मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी।


कॉनकॉर्ड बायोटेक ने खबर लिखे जाने तक मनीकंट्रोल के ईमेल से भेजे सवालों का जवाब नहीं दिया था। कॉनकॉर्ड बायोटेक ने अगस्त 2022 में सेबी के साथ ड्राफ्ट पेपर जमा कराए थे और दिसंबर में इसे मंजूरी मिली थी।

यह भी पढ़ें- Adani Group के 10 में से 5 शेयरों में तेजी, ग्रीन एनर्जी 4.21% उछला, ट्रासंमिशन ने लगाया 3.4% का गोता

ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत Helix Investment Holdings अपने 2.09 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखेगी, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी का करीब 20 फीसदी है। Helix Investment Holdings में क्वाड्रिया कैपिटल का निवेश है, जो हेल्थकेयर सेक्टर पर फोकस करने वाली एक पीई फर्म है।

ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, क्वाड्रिया कैपिटल ने कॉनकॉर्ड में 20 फीसदी हिस्सेदारी के लिए साल 2016 में 475.30 करोड़ रुपये का निवेश किया था। वहीं दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला की फर्म रेयर एंटरप्राइजेज के जरिए इस कंपनी की 24 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है। फिलहाल उत्पल शेठ रेयर एंटरप्राइजेज के सीईओ हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।