Concord Biotech IPO: कॉनकॉर्ड बायोटेक का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) शुक्रवार 4 अगस्त को पहले दिन बोली खत्म होने तक 58 फीसदी सब्सक्राइब हुआ। NSE पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने अपने IPO के तहत कुल 1,46,50,957 शेयरों को बिक्री के लिए रखा है, जिसके बदले में उसे अभी तक 85,05,660 शेयरों के लिए बोली मिली है। कंपनी का सबसे अधिक बोली नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) से मिली, जिन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों का हिस्से को पूरा सब्सक्राइब कर लिया है। वहीं रिटेल निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों का 72 फीसदी सब्सक्राइब किया है। जबकि क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के कोटे में कंपनी को 1 फीसदी बोली मिली है।
अहमदाबाद मुख्यालय वाली इस बायोटेक कंपनी ने अपने शेयरों के लिए 705-741 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी का यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल है, जिसके तहते कंपनी के प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों ने अपने शेयरों को बिक्री के लिए रखा है। इस कंपनी में दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला की फर्म रेयर एंटरप्राइजेज (Rare Enterprises) ने भी निवेश किया है।
कॉनकॉर्ड बायोटेक ने आईपीओ खुलने से एक दिन पहले गुरुवार 3 अगस्त को एंकर निवेशकों से 465 करोड़ रुपये जुटाए थे। कंपनी ने बताया कि उसके एंकर इश्यू में 41 निवेशकों ने भाग लिया। इन एंकर निवेशकों को 741 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 62,74,695 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं। 741 रुपये, इसके शेयरों का ऊपरी प्राइस बैंड है।
एंकर इश्यू में जिन निवेशकों ने भाग लिया, उनमें अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, गवर्नमेंट पेंशन फंड ग्लोबल, पोलर कैपिटल फंड्स, HSBC म्यूचुअल फंड, WF एशियन रिकोनिसेंस फंड, अमुंडी फंड्स, द प्रूडेंशियल एश्योरेंस कंपनी और पाइनब्रिज ग्लोबल फंड्स प्रमुख निवेशक हैं।
कॉनकॉर्ड बायोटेक आईपीओ के लिए न्यूनतम लॉट साइज 20 शेयर है। निवेशक 20 शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,820 रुपये का निवेश करना होगा। वहीं, उनका अधिकतम निवेश अपर प्राइस बैंड पर 13 लॉट (260 शेयर) के लिए 1,92,660 रुपये होगा। रिटेल निवेशक आईपीओ में 2 लाख रुपये तक निवेश कर सकते हैं।
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
ज्यादातर एनालिस्ट्स का कहना है कि कंपनी के मौजूदा वैल्यूएशन में शॉर्ट टर्म में इसकी संभावनाएं शामिल दिखती हैं। मेहता सिक्योरिटीज के एक एनालिस्ट ने कहा कि अगर शेयर के 741 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड को देखा जाए तो ऐसा लगता है कि इश्यू में शेयर के लिए पूरी कीमत वसूल की जा रही है। WealthMills Securities के डायरेक्टर (इक्विटी स्ट्रेटेजी) ने भी इसी तरह की राय जताई। उन्होंने कहा कि अगर कोई निवेशक इस आईपीओ में पैसा लगाना चाहता है तो उसे यह निवेश लंबी अवधि के लिए करना होगा।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।