SBFC Finance IPO: दूसरे दिन भी निवेशकों ने जमकर लगाई बोली, 7.09 गुना हुआ सब्सक्राइब

SBFC Finance IPO: एसबीएफसी फाइनेंस के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को शुक्रवार 4 अगस्त को दूसरे दिन भी निवेशकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत करीब 13.35 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा है, जिसके बदले में उसे दूसरे दिन बोली खत्म होने तक करीब 94.6 करोड़ शेयरों के लिए सब्सक्रिप्शन मिला

अपडेटेड Aug 04, 2023 पर 9:45 PM
SBFC Finance का आईपीओ 7 अगस्त को बंद होगा

SBFC Finance IPO: एसबीएफसी फाइनेंस के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को शुक्रवार 4 अगस्त को दूसरे दिन भी निवेशकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत करीब 13.35 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा है, जिसके बदले में उसे दूसरे दिन बोली खत्म होने तक करीब 94.6 करोड़ शेयरों के लिए सब्सक्रिप्शन मिला। इस तरह SBFC Finance का आईपीओ अभी तक करीब 7.09 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। कंपनी को सबसे अधिक बोली नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) से मिली है, जिन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों का हिस्सा करीब 12.95 गुना सब्सक्राइब किया है। वहीं रिटेल निवेशकों ने अपने कोटे में करीब 4.93 गुना सब्सक्राइब किया है।

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QII) ने अपने कोटे के शेयरों के लिए 6.71 गुना बोली लगाई है। कंपनी ने कर्मचारियों के लिए 10.25 करोड़ रुपये के शेयर अलग रखे थे और उन्होंने अपने हिस्से का 2.44 गुना सब्सक्राइब किया है। उन्हें ये शेयर ऑफर प्राइस से 2 रुपये प्रति शेयर की छूट पर मिलेंगे।

SBFC Finance का आईपीओ 7 अगस्त को बंद होगा। कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 54 से 57 रुपये प्रति शेयर का प्राइस तय किया है। आईपीओ का आधा हिस्सा QIB के लिए, 15 प्रतिशत NII के लिए और बाकी 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रखा गया है।


यह भी पढ़ें- Tomato Prices: अगले हफ्ते तक 40 रुपया सस्ता हो सकता है टमाटर, जानें आजादपुर मंडी में आज क्या है भाव?

SBFC Finance, एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी है। इसमें क्लेरमोंट ग्रुप और अर्पवुड ग्रुप ने निवेश किया है। कंपनी की योजना अपने IPO से 1,025 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। कंपनी ने आईपीओ खुलने से एक दिन पहले एंकर निवेशकों से 304.42 करोड़ रुपये जुटाए थे। एंकर निवेशकों को ये शेयर 57 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आवंटित किए गए थे।

कंपनी के एंकर बुक में भाग लेने वाले निवेशकों में अमांसा होल्डिंग्स, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, अशोक इंडिया अपॉर्चुनिटीज फंड, स्टीडव्यू कैपिटल मास्टर फंड, न्यूबर्गर बर्मन इमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी फंड, थिंक इंडिया अपॉर्चुनिटीज मास्टर फंड एलपी, कार्मिग्नैक पोर्टफोलियो, HDFC म्यूचुअल फंड, SBI म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल और कोटक महिंद्रा ट्रस्टी शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।