Dharmaj Crop Guard के IPO को पहले दिन मिली 1.79 गुना बोली, GMP भी बना हुआ है मजबूत, जानें डिटेल्स

Dharmaj IPO Subscription Status: धर्मज क्रॉप गार्ड का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) सोमवार 28 नवंबर को बोली खुलने के पहले ही दिन पूरा सब्सक्राइब हो गया और इसे कुल 1.79 गुना अधिक बोली मिली

अपडेटेड Nov 28, 2022 पर 9:29 PM
Dharmaj Crop Guard अपने IPO से कुल 251.14 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है

Dharmaj Crop Guard IPO Subscription Day 1: एग्रो-केमिकल सेक्टर की कंपनी धर्मज क्रॉप गार्ड का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) सोमवार 28 नवंबर को बोली खुलने के पहले ही दिन पूरा सब्सक्राइब हो गया। दिन खत्म होने तक कंपनी के IPO को कुल 1.79 गुना अधिक बोली मिली। स्टॉक एक्सचेंजों पर मौजूद आंकडों के मुताबिक, कंपनी ने अपने IPO के तहत कुल 80,12,990 शेयरों को बिक्री के लिए रखा है, जिसमें बदले में अभी तक उसे 1,43,79,060 शेयरों के लिए बोली मिली है। रिटेल निवेशकों ने सबसे अधिक बढ़-चढ़कर बोली लगाई और उन्होंने अपने हिस्से के शेयरों का अबतक 2.60 गुना सब्सक्राइब किया है।

वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) ने अपने लिए आरक्षित शेयरों का 1.80 गुना अधिक बोली लगाई है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशन बायर्स (QIB) के हिस्से में कंपनी को अभी सिर्फ 35 फीसदी बोली मिली है।

धर्मज क्रॉप गार्ड अपने IPO से कुल 251.14 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसमें से 216 करोड़ के कंपनी ने फ्रेश शेयर जारी किए हैं, जबकि बाकी 35.14 करोड़ के शेयर कंपनी के प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों ने अपनी तरह से बिक्री के लिए रखा है। नए शेयरों को जारी करने से मिली रकम का इस्तेमाल कंपनी गुजरात के सायखा में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने, वर्किंग कैपिटल की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने और कुछ कर्ज को चुकाने में करेगी।


Dharmaj Crop Guard ने आईपीओ खुलने से पहले 25 नवंबर को एंकर निवेशकों से 74.95 करोड़ रुपये जुटाने थे। IPO के लिए 216 से 237 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। IPO बुधवार 30 नवंबर को बंद होगा।

यह भी पढ़ें- Mark Mobius को Bitcoin के 10,000 डॉलर तक टूटने की आशंका, क्रिप्टो मार्केट को क्यों बताया ‘खतरनाक’?

Dharmraj IPO GMP Today

अनलिस्टेड मार्केट पर नजर रखने वाले जानकारों ने बताया कि सोमवार को धर्मज क्रॉप गॉर्ड के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 55 रुपये, जो इसके 237 रुपये के इश्यू प्राइस से करीब 23% अधिक है। हालांकि जानकारों का यह भी कहना है कि किसी भी आईपीओ के बारे में एक ठोस राय बनाने के लिए निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम को नहीं देखना चाहिए। असलियत में कंपनी की वित्तीय सेहत ही उसकी सही तस्वीर बताती है।

क्या है Dharmaj Crop का कारोबार?

Dharmaj Crop Guard कंपनियों और सीधे किसानों के लिए कीटनाशक, फंगीसाइड्स, हर्बीसाइड्स, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर, सूक्ष्म उर्वरक और एंटीबायोटिक जैसे कई एग्रो केमिकल फॉर्मूलेशन को बनाती है। कंपनी के उत्पादों को लैटिन अमेरिका, पूर्वी अफ्रीकी देशों, खाड़ी देशों और पूर्वी एशिया के 25 से अधिक देशों को निर्यात किया जाता है।

कंपनी की वित्तीय सेहत

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में इसका मुनाफा 37 फीसदी बढ़कर 28.69 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसका रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 30 फीसदी बढ़कर 394.2 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं मौजूदा वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में कंपनी ने 220.9 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 18.4 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।

Dharmaj Crop में क्या निवेश करना ठीक है?

केआर चोकसी (KR Choksey) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी बी2सी और बी2बी दोनों क्लाइंट बेस के साथ एक उभरती हुई कंपनी है। इसलिए कंपनी की दीर्घकालिक संभावनाएं अनुकूल हैं। कंपनी की आगे अच्छी अर्निंग्स की संभावनाएं हैं। वैल्यूएशन पर गौर करें तो DCGL का इश्यू इंडस्ट्री की अन्य कंपनियों की तुलना में डिस्काउंट पर उपलब्ध है। KR Choksey ने सभी पॉजिटिव फैक्टर्स को देखते हुए DCGL के आईपीओ के लिए ‘सब्सक्राइब’ की सलाह दी है।

डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह, निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।