Dharmaj Crop Guard और Uniparts India का ग्रे मार्केट प्रीमियम मजबूत, क्या मजबूत लिस्टिंग का है संकेत?

Dharmaj Crop Guard के शेयर जहां इस हफ्ते 8 दिसंबर को स्टॉक एक्सचेजों पर लिस्ट हो सकते हैं, वहीं Uniparts India के शेयरों की लिस्टिंग 12 दिसंबर को देखने को मिलेगी। लिस्टिंग से पहले दोनों ही IPO के शेयर ग्रे मार्केट में मजबूत प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं

अपडेटेड Dec 06, 2022 पर 1:19 AM
धर्मज क्रॉप गार्ड (Dharmaj Crop Guard) के शेयर गुरुवार 8 दिसंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे

एग्रोकेमिकल सेक्टर की कंपनी धर्मज क्रॉप गार्ड (Dharmaj Crop Guard) और इंजीनियर्ड सिस्टम्स बनाने वाली कंपनी यूनिपार्ट्स इंडिया (Uniparts India) दोनों के शेयर सोमवार को ग्रे मार्केट में दोहरे अंकों के प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे थे। ग्रे मार्केट, IPO शेयरों की ट्रेडिंग के लिए एक अनौपचारिक प्लेटफॉर्म है। आमतौर पर निवेशक किसी IPO की संभावित लिस्टिंग का अंदाजा लगाने के लिए इस पर करीबी नजर रखते हैं। दोनों IPO को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी और इनका वित्तीय प्रदर्शन भी अच्छा है, जो इनके मजबूत ग्रे मार्केट प्रीमिमय (GMP) के पीछे एक कारण हो सकता है। आइए दोनों कंपनियों के बारे में एक-एक करके जानते हैं-

धर्मज क्रॉप गार्ड (Dharmaj Crop Guard)

धर्मज क्रॉप गार्ड के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को कुल 35.49 गुना अधिक बोली मिली। कंपनी का आईपीओ 28 नवंबर-30 नवंबर के बीच खुला था और इसे सभी तरह के निवेशकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिली थी। सबसे अधिक दिलचस्पी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) ने लगाई, जिन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों का करीब 52.29 गुना अधिक सब्सक्राइब किया। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के हिस्से में कंपनी को 48.21 गुना बोली मिली। वहीं रिटेल निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों का करीब 21.53 गुना सब्सक्राइब किया। कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्से में कंपनी को 7.48 गुना बोली मिली।

Dharmaj Crop Guard IPO GMP Today


Dharmaj Crop के शेयर फिलहाल ग्रे मार्केट में 20 फीसदी के अधिक प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं, जो इसकी मजबूत लिस्टिंग का संकेत देता है। धर्मज क्रॉप ने अपने शेयरों के लिए इश्यू के लिए 216-237 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था। Dharmaj Crop के शेयर 8 दिसंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हो सकते हैं। कंपनी अपने IPO से कुल 251.14 करोड़ रुपये जुटाएगी।

यह भी पढ़ें- Dharmaj Crop Guard के शेयरों का आज अलॉटमेंट, ऐसे चेक कर सकते हैं स्टेटस, ग्रे मार्केट से मिल रहे ये संकेत

धर्मज क्रॉप गार्ड का कारोबार

Dharmaj Crop Guard कंपनियों और सीधे किसानों के लिए कीटनाशक, फंगीसाइड्स, हर्बीसाइड्स, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर, सूक्ष्म उर्वरक और एंटीबायोटिक जैसे कई एग्रो केमिकल फॉर्मूलेशन को बनाती है। कंपनी के उत्पादों को लैटिन अमेरिका, पूर्वी अफ्रीकी देशों, खाड़ी देशों और पूर्वी एशिया के 25 से अधिक देशों को निर्यात किया जाता है।

यूनिपार्ट्स इंडिया (Uniparts India)

इंजीनियरिंग सिस्टम्स और सॉल्यूशंस बनाने वाली कंपनी यूनिपार्ट्स इंडिया ने पिछले हफ्ते 835.6 करोड़ रुपये का अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च किया था। कंपनी का IPO 30 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच खुला था और इसे निवेशकों से करीब 25.32 गुना अधिक बोली मिली थी। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने अपने हिस्से के शेयरों को 67.14 गुना अधिक सब्सक्राइब किया। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) ने अपने हिस्से के शेयरों के लिए 17.86 गुना अधिक बोली लगाई। रिटेल निवेशकों की भी इस IPO में अच्छी दिलचस्पी रही और उन्होंने अपने हिस्से के शेयरों का 4.63 गुना सब्सक्राइब किया।

Uniparts India IPO GMP Today

एनालिस्ट्स के मुताबिक, यूनिपार्ट्स इंडिया के शेयर ग्रे मार्केट में फिलहाल अपने इश्यू प्राइस से करीब 10 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहे हैं। Uniparts India के शेयरों का फाइनल इश्यू प्राइस 577 रुपये है। कंपनी ने अपने IPO के लिए 548-577 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था। Uniparts India के शेयर 12 दिसंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हो सकते हैं। कंपनी अपने IPO से कुल 835.6 करोड़ रुपये जुटाएगी। हालांकि इसका IPO पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल था।

यूनिपार्ट्स इंडिया के कारोबार के बारे में

यूनिपार्ट्स इंडिया, इंनीनियर्ड सिस्टम्स और सॉल्यूशंस बनाने वाली एक ग्लोबल कंपनी है, जिसकी 25 से अधिक देशों में उपस्थिति है। यह एग्रीकल्चर, कंस्ट्रक्शन, फॉरेस्ट्री और माइनिंग (CFM) में ऑफ-हाइवे बाजार के लिए सिस्टम और कंपोनेंट्स के सबसे बड़ी सप्लायर्स में से एक होने का दावा करती है। कंपनी प्रोडक्ट को बनाने से लेकर उसकी सप्लाई तक सभी काम देखती है और इसकी उपस्थिति वैल्यू चेन के सभी हिस्से में हैं।

डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह, निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और रॉय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।