Doms Industries IPO: स्टेशनरी आइटम्स बनाने वाली कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड हो गया सेट, 13 दिसंबर से लगा सकेंगे पैसे

वित्त वर्ष 2022-23 में डोम्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 567.2 प्रतिशत बढ़कर 95.8 करोड़ रुपये हो गया। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 77.3 प्रतिशत बढ़कर 1,212 करोड़ रुपये और EBITDA 149% सालाना बढ़कर 186.7 करोड़ रुपये रहा। डोम्स इंडस्ट्रीज अनिवार्य रूप से T+3 टाइमलाइन में शेयर बाजार में डेब्यू करने वाली पहली कंपनी होगी। SEBI ने 1 दिसंबर, 2023 से IPO लॉन्च करने वाली कंपनियों को पिछले T+6 फॉर्मेट के बजाय T+3 टाइमलाइन पर शिफ्ट होने का निर्देश दिया था

अपडेटेड Dec 07, 2023 पर 9:16 AM
डोम्स इंडस्ट्रीज के शेयरों का अलॉटमेंट 18 दिसंबर को और शेयरों की लिस्टिंग बीएसई और एनएसई पर 20 दिसंबर को हो सकती है।

स्टेशनरी और आर्ट प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी डोम्स इंडस्ट्रीज (Doms Industries) ने अपने IPO के लिए प्राइस बैंड फिक्स कर दिया है। यह 750-790 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। 1200 करोड़ रुपये का यह इश्यू 13 दिसंबर को खुलेगा और 15 दिसंबर को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए ऑफर 12 दिसंबर को ओपन होगा। IPO में 18 इक्विटी शेयरों के लॉट में बोली लगाई जा सकती है।आईपीओ में डोम्स की ओर से 350 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। वहीं प्रमोटर्स की ओर से 850 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। कॉरपोरेट प्रमोटर FILA यानी फैब्रिका इटैलियाना लैपाइज्ड एफिनी स्पा, OFS में 800 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री करेगी। प्रमोटर संजय मनसुखलाल राजानी और केतन मनसुखलाल राजानी OFS में 25-25 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे।

डोम्स में इटैलियन समूह FILA की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि संतोष रसिकलाल रवेशिया 17 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ प्रमोटर्स में दूसरे सबसे बड़े शेयरधारक हैं। 2 दिसंबर को दाखिल रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, संजय मनसुखलाल राजानी और केतन मनसुखलाल राजानी के पास फर्म में 8.63 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं चांदनी विजय सोमैया, सेजल संतोष रवेशिया और शीतल हिरेन पारपानी के पास 4 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

रिजर्व हिस्से की डिटेल


डोम्स के आईपीओ में कंपनी के कर्मचारियों के लिए 5 करोड़ रुपये तक के शेयर रिजर्व हैं। साथ ही कर्मचारियों को फाइनल इश्यू प्राइस पर 75 रुपये का डिस्काउंट भी मिलेगा। कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्सा निकालकर बचा हुआ हिस्सा नेट इश्यू कहलाएगा। नेट इश्यू में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 75 प्रतिशत, हाई नेटवर्थ वाले व्यक्तियों (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स) के लिए 15 प्रतिशत और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 10 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व है।

Hero के मामले में नहीं हो पाया सेटलमेंट, अब जनवरी में होगी सुनवाई

कब हो सकती है लिस्टिंग

डोम्स इंडस्ट्रीज अनिवार्य रूप से T+3 टाइमलाइन में शेयर बाजार में डेब्यू करने वाली पहली कंपनी होगी। SEBI ने 1 दिसंबर, 2023 से IPO लॉन्च करने वाली कंपनियों को पिछले T+6 फॉर्मेट के बजाय T+3 टाइमलाइन पर शिफ्ट होने का निर्देश दिया था। आईपीओ क्लोज होने के बाद डोम्स इंडस्ट्रीज के शेयरों का अलॉटमेंट 18 दिसंबर को और शेयरों की लिस्टिंग बीएसई और एनएसई पर 20 दिसंबर को हो सकती है। जेएम फाइनेंशियल, BNP पारिबा, ICICI Securities और IIFL सिक्योरिटीज इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया रजिस्ट्रार है।

IPO से आय का कहां होगा इस्तेमाल

आईपीओ में ताजा शेयरों को जारी कर होने वाली कमाई का इस्तेमाल डोम्स नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के लिए करेगी। नए प्लांट की मदद से कंपनी राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स, वॉटर कलर पेन्स, मार्कर्स और हाइलाइटर्स के लिए उत्पादन क्षमता बढ़ाना चाहती है। इसके अलावा होने वाली अर्निंग को सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों को पूरा करने में भी लगाया जाएगा। वित्त वर्ष 2022-23 में डोम्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 567.2 प्रतिशत बढ़कर 95.8 करोड़ रुपये हो गया। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 77.3 प्रतिशत बढ़कर 1,212 करोड़ रुपये और EBITDA (earnings before interest, tax, depreciation and amortisation) 149% सालाना बढ़कर 186.7 करोड़ रुपये रहा।

INOX India और Stanley Lifestyles के IPO को SEBI की मंजूरी, जानिए क्या है इन कंपनियों का प्लान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।