DreamFolks Services IPO: आखिरी दिन 57 गुना अधिक सब्सक्राइब हुआ इश्यू, GMP से मिल रहा मजबूत लिस्टिंग का संकेत, जानिए डिटेल
DreamFolks Services का IPO बोली खुलने के कुछ ही घंटों में पूरी तरब सब्सक्राइब हो चुका था और पहले दिन (24 अगस्त) इसे कुल 1.96 अधिक सब्सक्रिप्शन मिला था
MoneyControl News
अपडेटेड Aug 26, 2022 पर 5:49 PM
DreamFolks Services के IPO के लिए बोली लगाने का आज तीसरा और आखिरी दिन है
DreamFolks Services IPO: देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट सर्विस एग्रीगेटर ड्रीमफोक्स सर्विसेज लिमिटेड का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) बुधवार 24 अगस्त 2022 को खुला था, जो आज शुक्रवार 26 अगस्त 2022 को था। तीसरे दिन बोली खत्म होने के समय तक DreamFolks Services के IPO को कुल 56.68 गुना अधिक बोली मिली। NSE पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने IPO के तहत कुल 94.83 लाख शेयरों को बिक्री के लिए रखा है, जिसके बदले में उसे अभी तक 53.74 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं।
रिटेल निवेशकों ने DreamFolks Services के IPO के लिए बोली लगाने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है और अपने कोटे के शेयरों का करीब 43.66 गुना अधिक सब्सक्राइब किया है। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेसर्ट (NII) कैटेगरी में कंपनी को अभी तक 37.66 गुना अधिक बोली मिली है, जूकि क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित शेयरों का हिस्सा करीब 70.53 गुना अधिक सब्सक्राइब हुआ है।
बता दें कि DreamFolks Services का IPO बोली खुलने के कुछ ही घंटों में पूरी तरब सब्सक्राइब हो चुका था और पहले दिन (24 अगस्त) इसे कुल 1.96 अधिक सब्सक्रिप्शन मिला था। ड्रीमफोक्स सर्विसेज अपने IPO के जरिए कुल 562 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 308 से 326 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। बता दें कि IPO शुक्रवार 26 अगस्त को बंद होगा।
ब्रोकरेज हाउस निर्मल बंग और केआर चोक्सी ने ड्रीमफोक्स सर्विसेज के IPO को सब्सक्राइब रेटिंग दी हुई है। निर्मल बंग ने कहा कि 326 रुपये के इश्यू के ऊपरी प्राइस बैंड पर ड्रीमफोक्स का पीई इसके FY24E EPS के 30.4 गुना पर आता है, जो हमें आकर्षक लगता है। एंजल ब्रोकिंग (Angel Broking) ने भी मध्यम से लंबी अवधि के इस इश्यू को सब्सक्राइब रेटिंग दी है।
क्या चल रहा है ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP)?
अनलिस्टेड मार्केट पर नजर रखने वाले जानकारों के मुताबिक, ड्रीमफोक्स सर्विसेज का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 80 रुपये या 25% चल रहा है। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट में ड्रीमफोक्स सर्विसेज के शेयर अपने 326 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड से 75 रुपये अधिक 406 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं और ग्रे मार्केट इसी भाव पर इसकी लिस्टिंग की उम्मीद कर रहा है। हालांकि जानकारों का यह भी कहना है कि निवेशकों को सिर्फ ग्रे मार्केट के आधार पर किसी भी इश्यू से निवेश करने से बचना चाहिए।
न्यूनतम 46 शेयरों के लिए लगानी होगी बोली
एक निवेशक न्यूनतम 46 शेयरों और उसके बाद 46 के गुणांक में बोली लगा सकता है। इस तरह रिटेल निवेशकों को Dreamfolks Services के IPO की बोली लगाने के लिए न्यूनतम 14,996 रुपये निवेश करना होगा। रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं। इस तरह 13 लॉट के लिए अधिकतम निवेश 1,94,948 रुपये होगा।
शेयरों के अलॉटमेंट और लिस्टिंग की तारीख
कंपनी इनवेस्टर्स को 1 सितंबर को शेयर अलॉट करेगी। जिन इनवेस्टर्स को शेयर जारी नहीं होंगे, उन्हें 2 सितंबर को रिफंड मिल जाएगा। वहीं बोली में सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में 5 सितंबर तक शेयर आ जाएंगे। 6 सितंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।
Dreamfolks Services देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट सर्विस एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म है। यह यह कंपनी भारत में कारोबार करने वाले सभी कार्ड नेटवर्क्स को अपनी सेवाएं मुहैया कराती है। इसमें वीजा, मास्टरकार्ड, डिनर्स/डिस्कवर और रुपे आदि शामिल है। इसके अलावा यह ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, HDFC बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और SBI कार्ड्स सहित कार्ड जारी करने वाली देश की सभी प्रमुख बैंकों को भी सेवाएं देती है।
कंपनी की कुल 121 देशों में उपस्थिति है और कुल 1,416 टच-प्वाइंट्स हैं। इनमें से 244 टच-प्वाइंट्स भारत में और 1,172 टच-प्वाइंट्स विदेशों में हैं। कंपनी को देश में सबसे पहले लाउंस एक्सेस एग्रीगेटर इंडस्ट्री में उतरने के चलते अच्छी खासी बढ़त हासिल है और देश में सबसे पहले लाउंस एक्सेस एग्रीगेटर इंडस्ट्री में उतरी थी, जिसका उसे फायदा मिला है और यह घरेलू मार्केट में 80% मार्केट शेयर के साथ इसकी दबदबे वाली स्थिति है। इसके अलावा इसने भारत के 18 एयरपोर्ट्स पर मौजूद 57 रेस्टोरेंट्स और फूड एंड वेबरेजेस आउटलेट्स तक पहुंच मुहैया कराने के लिए विभिन्न संस्थाओं से भी पार्टनरशिप भी की है।
डिस्क्लेमर:यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।