EAAA इंडिया ऑल्टरनेटिव्स अपना ₹1,200 करोड़ का पब्लिक इश्यू ला रही है। यह 26 अक्टूबर को खुलने वाला है। इसमें केवल ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। नए शेयर जारी नहीं होंगे। इसलिए IPO से होने वाली कमाई में से कंपनी को कुछ नहीं मिलेगा। पूरा पैसा OFS में शेयर बेचने वालों के पास जाएगा। OFS में कंपनी की प्रमोटर एडेलवाइस सिक्योरिटीज एंड इनवेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड शेयरों को बिक्री के लिए पेश करेगी।
इस IPO के लिए प्राइस बैंड अभी तय नहीं हुआ है। इश्यू की क्लोजिंग 28 अक्टूबर को होगी, जिसके बाद अलॉटमेंट 29 अक्टूबर को फाइनल हो सकता है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 2 नवंबर को लिस्ट होने की उम्मीद है।
EAAA इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड एक ऑल्टरनेटिव इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म है। यह इनवेस्टमेंट फंड्स को मैनेज करती है और घरेलू व वैश्विक संस्थागत निवेशकों, हाई-नेट-वर्थ वाले व्यक्तियों (HNIs), अल्ट्रा-हाई-नेट-वर्थ वाले व्यक्तियों (UHNIs) और फैमिली ऑफिसेज को वैकल्पिक निवेश समाधान उपलब्ध कराती है। कंपनी मुख्य रूप से दो बिजनेस वर्टिकल- रियल एसेट्स और प्राइवेट क्रेडिट के माध्यम से काम करती है। साथ ही पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज और अन्य निवेश समाधान भी उपलब्ध कराती है।
IPO में कितना हिस्सा रिजर्व
IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। इस इश्यू के लिए एक्सिस कैपिटल, जेफरीज इंडिया, मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट, बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार MUFG Intime India है।
EAAA India Alternatives की वित्तीय सेहत
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू ₹336.13 करोड़ रहा। शुद्ध मुनाफा ₹80.71 करोड़ दर्ज किया गया। इस बीच उधारी ₹399.20 करोड़ की थी। वित्त वर्ष 2026 के दौरान रेवेन्यू 23 प्रतिशत बढ़कर ₹963.76 करोड़ और शुद्ध मुनाफा 15 प्रतिशत बढ़कर ₹265.20 करोड़ हो गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।